Advertisement

*नाबालिग से दुष्कर्म मामले में त्वरित कार्रवाई — वांछित अभियुक्त तीन दिनों में गिरफ्तार*

नाबालिग से दुष्कर्म मामले में त्वरित कार्रवाई — वांछित अभियुक्त तीन दिनों में गिरफ्तार

महराजगंज, 22 नवम्बर 2025।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीना के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में थाना पनियरा पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के अत्यंत संवेदनशील मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मात्र तीन दिनों में दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त विवरण के अनुसार, दिनांक 19 नवंबर 2025 को एक महिला द्वारा थाना पनियरा पर तहरीर दी गई थी कि उसकी 07 वर्षीय पुत्री, जो अपने ननिहाल ग्राम रानीपुर टोला मनोहर चक गई हुई थी, शाम लगभग 5 बजे बकरी चराने खेत की ओर गई थी। इसी दौरान गांव के ही रामसजन पुत्र रामलक्षन तथा उसके साथी ने (जिसकी पहचान बाद में मुन्ना पुत्र अद्या, निवासी बेलसर, थाना बृजमनगंज, हाल पता लक्ष्मीपुर, थाना पनियरा के रूप में हुई) बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।

रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर माँ मौके पर पहुँची, तब तक दोनों अभियुक्त वहां से फरार हो चुके थे।

पीड़िता की माँ की तहरीर के आधार पर थाना पनियरा में मु.अ.सं. 462/2025 धारा 65(2), 61(2) बीएनएस तथा 5एम/6 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान धाराओं में संशोधन करते हुए 70(2), 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गईं।

पुलिस की विशेष टीम ने अथक प्रयास करते हुए पहले अभियुक्त रामसजन पुत्र रामलक्षन को 21 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया। इसके बाद आज 22 नवंबर 2025 को लगभग 13:20 बजे मुख्य अभियुक्त मुन्ना पुत्र अद्या को देवीपुर तिराहा से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को लेकर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे जघन्य अपराधों में अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक साक्ष्य संकलित कर अग्रिम कानूनी प्रक्रिया प्रचलित है।

‎*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News