Advertisement

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सवाई माधोपुर के दो बीएलओ को सम्मानित किया*


*मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सवाई माधोपुर के दो बीएलओ को सम्मानित किया*
*जिला निर्वाचन अधिकारी ने अन्य कार्मिकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित किया
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 20 नवम्बर* । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य जारी है। इस अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य कर बूथ के सभी मतदाताओं के गणना प्रपत्र सबसे पहले डिजिटाइज करने वाले जिले के बीएलओ को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन की ओर से गुरूवार को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया। वीसी के माध्यम से हुई बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने दोनो बीएलओ राजमल गुर्जर एवं जीतराम मीना को सम्मानित किया।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले बीएलओ से आह्वान किया कि सभी बीएलओ और एसआईआर से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कार्मिक बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपना कार्य पूरा कर लेने के बाद सभी को इस कार्य में अपने विधानसभा क्षेत्र के अन्य कार्मिकों के साथ सहयोग करना चाहिए। सभी मिलकर कार्य करेंगे, तो सवाई माधोपुर जिले में एसआईआर कार्यों को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सकेगा।
*बेहतर काम करने वाले कार्मिकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा* :- मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने वीसी के दौरान सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र की भाग संख्या 10 के बीएलओ राजमल गुर्जर एवं भाग संख्या 16 के बीएलओ जीतराम मीना सहित वॉलिंटियर कल्याणमल मीना से संवाद किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सवाई माधोपुर सहित अन्य जिलों में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान प्रभावी कार्यवाही करने वाले कार्मिकों और अधिकारियों को राज्य स्तर पर भी सम्मानित किया जाएगा।
*स्पष्ट कार्ययोजना और सहयोगियों के समन्वय से कम समय में ही लक्ष्य हासिल:* – सम्मानित बीएलओ राजमल गुर्जर ने बताया कि उसने अपने बूथ पर एसआईआर का शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है इसके लिए उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान ही स्पष्ट कार्य योजना बना ली थी और सहयोगियों के साथ उस योजना के अनुरूप कार्य कर कम समय में ही अपना लक्ष्य हासिल कर लिया। यह सम्मान मेरी पूरी टीम और प्रशासन के मार्गदर्शन का परिणाम है। दूसरे बीएलओ जीतराम मीना ने कहा कि मेरे कार्य में पूर्व बीएलओ एवं दिव्यांगजन कल्याणमल मीना के अनुभव का बहुत योगदान है। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और आपसी समन्वय के साथ हम अपना लक्ष्य जल्द ही पूरा कर सके हैं। अब मैं आगे दूसरे बीएलओ एवं कार्मिकों का सहयोग करूंगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष बामनवास विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रियंका कंडेला और मलारना डूंगर क्षेत्र के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संदीप कुमार बेरड़ ने उनके क्षेत्र में एसआईआर प्रक्रिया की बेहतरीन अनुभवों पर प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने गणना प्रपत्र वितरण और डिजिटाइजेशन के काम में बेहतर प्रदर्शन के अपने अनुभव, चुनौतियों और समाधानों पर विस्तार से जानकारी दी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
*57.34 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन के साथ जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन* :- विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के तहत अब तक बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा 10 लाख 54 हजार 343 मतदाताओं में से 6 लाख 4 हजार 556 मतदाताओं के फॉर्म का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है। इस प्रकार जिले में लगभग 57.34 प्रतिशत मतदाता गणना प्रपत्र ऑनलाइन दर्ज (डिजिटाइज) कर दिए हैं। जिसमें गंगापुर सिटी में 1 लाख 53 हजार 197, बामनवास में 1 लाख 60 हजार 51, सवाई माधोपुर में 1 लाख 53 हजार 737 तथा खण्डार में 1 लाख 37 हजार 571 मतदाताओं के ईएफ प्रपत्र ऑनलाइन किए जा चुके हैं।

Janta Ka Sach News