Advertisement

जिलाधिकारी ने की प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की गहन समीक्षा, प्रगति में तेजी लाने के निर्देश*

*जिलाधिकारी ने की प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की गहन समीक्षा, प्रगति में तेजी लाने के निर्देश*

जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में योजना की वर्तमान प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों तथा कार्य में आ रही बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना ग्रामीण एवं शहरी उपभोक्ताओं को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को अधिकतम लाभ मिल सके और सीएम डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग में सुधार हो।

बैठक के दौरान पीओ नेडा ने जानकारी दी कि नवंबर माह का क्रमिक लक्ष्य 1635 सूर्यघर स्थापना का है, जिसके सापेक्ष अब तक 899 सूर्यघर स्थापित किए जा चुके हैं। वर्तमान में योजना में जनपद का ग्रेड ‘सी’ दर्ज है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर स्थापना और बैंकों द्वारा आवेदनों के निस्तारण में अपेक्षित प्रगति न होने के कारण योजना की गति प्रभावित हुई है।

इस पर जिलाधिकारी महोदय ने कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं को स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीओ नेडा को वेंडर-वार लक्ष्य तय कर प्रत्येक वेंडर की अलग-अलग प्रगति की नियमित समीक्षा करने के लिए कहा।

साथ ही जिलाधिकारी ने बैंकों में लंबित आवेदनों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए बैंकवार सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने एलडीएम के माध्यम से सभी बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बैंक स्तर पर अनावश्यक विलंब कदापि स्वीकार्य नहीं है और शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अंत में जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि योजना में ‘सी ग्रेड’ बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सूर्यघर स्थापना के कार्य को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में पीएम सूर्यघर योजना का शत-प्रतिशत लाभ जनसामान्य तक पहुँच सके।

*महाराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News