Advertisement

*नीति आयोग द्वारा आशान्वित ब्लॉक रैंकिंग में गंगापुर सिटी की बड़ी उपलब्धि*


*नीति आयोग द्वारा आशान्वित ब्लॉक रैंकिंग में गंगापुर सिटी की बड़ी उपलब्धि*
*गंगापुर सिटी जोन-4 में प्रथम एवं राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान*
*बेहतर प्रदर्शन पर विकास कार्य हेतु मिला 1.5 करोड़ रुपये का पुरस्कार*
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 19 नवम्बर।नीति आयोग भारत सरकार द्वारा संचालित आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत जारी सितम्बर, 2025 की रैंकिंग में जिले के गंगापुर सिटी आशान्वित ब्लॉक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जोन-4 में प्रथम एवं राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया है। उल्लेखनीय सुधारों के आधार पर ब्लॉक को 1.5 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया गया है, जो आगे विकास कार्यों को गति देगा।
यह उपलब्धि स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन और सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के 39 परिणाम आधारित संकेतकों में उल्लेखनीय सुधारो का परिणाम है। विभिन्न विभागों, फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों के कारण ब्लॉक ने तेज गति से प्रगति दर्ज की है।
इस अवसर पर जिला कलक्टर काना राम एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने मुख्य आयोजना अधिकारी विजेन्द्र जाट, उपखण्ड अधिकारी गंगापुर सिटी बृजेन्द्र मीना, ब्लॉक विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर, ब्लॉक फेलो यशस्वी अग्रवाल एवं गंगापुर सिटी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह रैंकिंग जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन, सतत् निगरानी, डेटा-आधारित योजना निर्माण एवं बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन आगामी महीनों में सेवा प्रदायगी की गुणवत्ता बढ़ाने और विकास संकेतकों को स्थायी रूप से सुधारने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगा।
नीति आयोग की आशान्वित ब्लॉक पहल देश के पिछड़े इलाकों में तेजी से समग्र विकास लाने का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसकी रैंकिंग जमीनी स्तर पर किए जा रहे परिवर्तनकारी कार्यों का प्रतिबिंब है। सितम्बर, 2025 की रैंकिंग में गंगापुर सिटी का उत्कृष्ट प्रदर्शन जिले में हो रहे सकारात्मक बदलावों को मजबूती से रेखांकित करता है।

Janta Ka Sach News