
परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में “विकसित भारत 2047” संगोष्ठी आयोजित
आनंदनगर, महाराजगंज। परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में आज “विकसित भारत 2047” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रबंधक एवं पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा माल्यार्पण कर किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के राजनीति शास्त्र विभाग के डॉ. महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ऐसी संगोष्ठियों का मुख्य उद्देश्य सरकार के नीति निर्धारण, आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचा एवं शहरी विकास, सामाजिक-आर्थिक प्रगति, सतत हरित क्रांति, नवाचार तथा प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देना है।
वहीं सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की राजनीति शास्त्र विभाग की प्रवक्ता डॉ. सरिता सिंह ने कहा कि इस संगोष्ठी का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करना और 2047 तक समृद्ध राष्ट्र निर्माण के विचार को मजबूती देना है।
कॉलेज के प्रबंधक बजरंग बहादुर सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि “युवाओं की आवाज” पहल भारत की आजादी के 100वें वर्ष अर्थात 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में युवाओं को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई इस पहल की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को अपने विचार व सुझाव साझा करने के लिए मंच प्रदान करना है, जिससे राष्ट्रीय योजनाओं और प्राथमिकताओं को आकार दिया जा सके। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाकर 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान विभाग के प्रवक्ता डॉ. यशवंत राव ने किया।
कार्यक्रम में कला एवं राजनीति विज्ञान विभाग के अन्य प्रवक्ता—डॉ. दिनेश पटेल, कमलेश प्रजापति, डॉ. सतीश कुमार, श्रीदयाल वर्मा, अरुण कुमार सिंह, डॉ. पुष्पा पांडेय, अश्विनी सिंह, जमुना निषाद, अजय पांडे, राजेश सिंह सहित अनेक संकाय सदस्य उपस्थित रहे
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


