
नोटिस चस्पा, कार्रवाई गायब! 7 दिन बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण—स्थानीय प्रशासन की खुली उदासीनता
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
गंगापुर सिटी | नगर परिषद द्वारा 3 नवंबर को सोनी बाबा चौराहा स्थित रेलवे के नवीन प्रवेशद्वार के सामने बने स्थायी व अस्थायी कियोस्क, दुकानों व अवैध ढांचों को 7 दिनों में हटाने का नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि तय अवधि के बाद बिना किसी सूचना के नगर परिषद स्वयं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी।
लेकिन 7 दिन गुजरने के बाद भी मौके पर कोई कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय प्रशासन की उदासीनता साफ झलक रही है। रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेशद्वार के सामने जमे इन अवैध ढांचों के कारण ट्रेनों के आगमन पर बार-बार जाम लगता है, जिससे यात्रियों और पैदल चलने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जागरूक नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद ने सिर्फ खानापूर्ति के लिए नोटिस चस्पा कर दिया, जबकि कार्रवाई के नाम पर शून्य दिखाई दे रहा है। उनका आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण अतिक्रमण हटाने में ढिलाई बरती जा रही है, जिससे रेलवे स्टेशन का सौंदर्य भी बिगड़ रहा है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर परिषद और प्रशासन त्वरित प्रभाव से स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण हटाकर क्षेत्र को जाम मुक्त बनाए और स्टेशन की खूबसूरती को वापस लौटाए।


