
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने एसआईआर 2026 के सम्बन्ध में बैठक में दिए निर्देश
*गणना प्रपत्रों को करें डिजीटाइज, मतदाताओं को ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरने के लिए करें जागरूक*
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 17 नवम्बर।मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यो (एसआईआर-2026) के तहत मतदाता गणना प्रपत्रों का वितरण एवं डिजिटाईजेशन, बुक ए कॉल पेडिंग आदि कार्यो की वचुअर्ल समीक्षा बैठक सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एसआईआर-2026 मतदाता सूचियों की शुद्धता, पारदर्शिता के लिए किया जा रहा है। इसमें प्रत्येक बीएलओ, सुपरवाइज़र, मतदाता एवं निर्वाचन गतिविधियों से जुड़े अधिकारियों, कार्मिकों की अहम भूमिका है। इसलिए सभी कार्मिक सुनिश्चित करें कि एसआईआर अंतर्गत गतिविधियां समयबद्ध ढंग से संपादित हो सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) एवं बीएलओ फील्ड में सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज़ करें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को जानकारी देते हुए ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरवाएं। उन्होंने ईआरओ को गणना प्रपत्रों के डिजीटाइजेशन की दैनिक समीक्षा कर समुचित मॉनीटरिंग करते हुए अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए।
*जिले में 99.51% मतदाताओं तक गणना प्रपत्र का वितरण:-*
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि जिले में वर्तमान में 10 लाख 54 हजार 343 मतदाता पंजीकृत हैं। जिसमें से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा 10 लाख 49 हजार 224 गणना प्रपत्र (ईएफ) वितरित किए जा चुके हैं। गंगापुर सिटी में 2 लाख 74 हजार 570, बामनवास में 2 लाख 51 हजार 933, सवाई माधोपुर में 2 लाख 65 हजार 517 तथा खण्डार में 2 लाख 57 हजार 204 मतदाताओं तक ईएफ प्रपत्र पहुंचाए गए हैं। इस प्रकार जिले के लगभग 99.51 प्रतिशत मतदाताओं को परिगणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।
*38.33% गणना प्रपत्र हुए डिजिटाइज:-*
एसआईआर प्रक्रिया के क्रम में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं बीएलओ आदि अधिकारियों ने 3 लाख 82 हजार 363 से अधिक गणना प्रपत्र मतदाताओं से वापस एकत्रित कर लगभग 38.33 प्रतिशत मतदाता गणना प्रपत्र ऑनलाइन दर्ज (डिजिटाइज) कर दिए हैं। जिसमें गंगापुर सिटी में 91 हजार 192, बामनवास में 1 लाख 18 हजार 417, सवाई माधोपुर में 1 लाख 2 हजार 877 तथा खण्डार में 81 हजार 682 मतदाताओं तक ईएफ प्रपत्र ऑनलाइन किए जा चुके है।
उन्होंने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम के दौरान ही 1 जनवरी, 2026 को पात्रता तिथि मानते हुए सभी 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के भारतीय नागरिकों, जो किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत नहीं हैं, के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज किए जा रहे हैं।
*मतदाताओं से गणना प्रपत्र स्वयं ऑनलाइन भरकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में योगदान देने की अपील :-* उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने गणना प्रपत्र स्वयं ऑनलाइन भरें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में योगदान दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र जमा करने तक की अवधि में 4 दिसम्बर तक किसी भी मतदाता से कोई दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मतदाता अधिक जानकारी के लिए जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम नंबर 1950 , नजदीकी बीएलओ या तहसील स्तर पर ईआरओ एवं एईआरओ से सम्पर्क कर सकते हैं। साथ ही, मतदाता अपनी प्रविष्टियों की पुष्टि https://voters.eci.gov.in पर देख सकते हैं या अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
काना राम ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक के नाम के मतदाता सूची में दर्ज होने से ही संभव है। अतः सभी नागरिक अपनी प्रविष्टियों की जांच करें, आवश्यक सुधार कराएं और इस कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग, समस्त बाल परियोजना अधिकारी, समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।


