Advertisement

*महराजगंज में व्यापारिक सुरक्षा को लेकर एसपी ने की व्यापारियों संग बैठक*

महराजगंज में व्यापारिक सुरक्षा को लेकर एसपी ने की व्यापारियों संग बैठक
महराजगंज, 18 नवम्बर 2025

पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री सोमेंद्र मीना के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के प्रमुख व्यापारियों एवं महराजगंज व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा पुलिस-व्यापारी समन्वय को मजबूत बनाना रहा।

बैठक के दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने बाजार क्षेत्र की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और अन्य समस्याओं से अवगत कराया। एसपी मीना ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

एसपी ने व्यापारियों से कहा कि बाजारों में लगे निजी सीसीटीवी कैमरे पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़े जाएं, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना उपलब्ध कराई जाए, तथा रात्रि में दुकानें बंद होने के बाद सामूहिक निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पुलिस और व्यापारियों के बीच प्रभावी संवाद के लिए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस और व्यापारी वर्ग मिलकर काम करें तो महराजगंज को अपराधमुक्त एवं सुरक्षित व्यापारिक केंद्र बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर एसपी सोमेंद्र मीना ने कहा, “व्यापारी वर्ग जनपद की आर्थिक रीढ़ है। उनकी सुरक्षा और कारोबार में शांति सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News