
नाथनगर में स्थित S R एकेडमी के बाल मेले एवं विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ आयोजन
खलीलाबाद के पूर्व विधायक जय चौबे व निदेशक व पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने किया भव्य आयोजन का उद्घाटन
जिला संवाददाता अजय मिश्रा
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में शुक्रवार को बाल दिवस के अवसर पर बाल मेला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नौनिहालों ने विज्ञान, संस्कृति और पकवान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय वातावरण में डूब गया।कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर मां सरस्वती की वंदना की तथा संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे और एसआर एकेडमी के निदेशक राकेश चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से बाल मेले का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद विद्यालय प्रांगण नौनिहालों की उमंग और रचनात्मकता से सराबोर हो गया। बच्चों ने विज्ञान और तकनीक के प्रति अपनी समझ को प्रदर्शित करते हुए चंद्रयान-2, राफेल विमान, अग्नि मिसाइल सहित अन्य वैज्ञानिक मॉडलों का शानदार प्रदर्शन किया। इन मॉडलों ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा और सबको बच्चों की कल्पनाशीलता और ज्ञान का परिचय कराया।
वहीं दूसरी ओर बाल मेले में सजाए गए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने भारतीय और पाश्चात्य व्यंजनों की मोहक खुशबू से वातावरण को महका दिया। चना भूजा, इडली-डोसा, बर्गर, चाऊमीन, छोला-भटूरा, टिकिया और रसगुल्ले जैसे स्वादिष्ट पकवानों ने आगंतुकों का मन जीत लिया। मेले में मौजूद अभिभावकों और अतिथियों ने हर स्टॉल पर पहुंचकर व्यंजनों का स्वाद चखा और बच्चों की मेहनत की सराहना की।समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक जय चौबे ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल बच्चों की बौद्धिक क्षमता को निखारते हैं, बल्कि उन्हें स्वस्थ, रचनात्मक और सकारात्मक माहौल प्रदान करते हैं। उन्होंने नौनिहालों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये बच्चे भविष्य में देश का गौरव बढ़ाने की क्षमता रखते हैं।
एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के एमडी राकेश चतुर्वेदी ने इस अवसर पर छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि ज्ञान, विज्ञान और पाककला के क्षेत्र में बच्चों द्वारा किया गया प्रदर्शन अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि संस्था सदैव बच्चों को ऐसा मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां वे अपनी प्रतिभा को नए आयाम दे सकें।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक हरिश्चंद्र यादव ने कुशलता से किया। आयोजन की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।


