
*पुलिस मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एवं डीएसपी दीप्ति शर्मा का सम्मान, यूपी पुलिस परिवार ने बताया गौरव का क्षण*
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एवं पुलिस उपाधीक्षक सुश्री दीप्ति शर्मा का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह अवसर पूरे यूपी पुलिस परिवार के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण रहा।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश श्री राजीव कृष्ण ने दीप्ति शर्मा की उत्कृष्ट उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी अनुशासन, प्रतिबद्धता और विश्वस्तरीय प्रदर्शन न केवल प्रत्येक पुलिसकर्मी बल्कि प्रदेश की हर बेटी के लिए प्रेरणास्रोत है।
समारोह के दौरान आईजी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने दीप्ति के क्रिकेट करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों—आरंभिक संघर्ष, निर्णायक मैचों के प्रदर्शन, विश्व कप अभियान में उनकी भूमिका और निरंतर प्रगति—का विस्तार से उल्लेख किया। उनके संबोधन ने पूरे सभागार में उत्साह और गर्व का संचार किया।
अपने उद्बोधन में दीप्ति शर्मा ने माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की स्पोर्ट्स कोटा नीति एवं खेल-प्रोत्साहन नीतियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों ने उन्हें न केवल नए अवसर दिए, बल्कि पुलिस वर्दी में सेवा का सम्मान भी प्रदान किया।
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों ने दीप्ति से उत्साहपूर्ण प्रश्न पूछे। दीप्ति के सहज, स्नेहपूर्ण और प्रेरक उत्तरों ने बच्चों के चेहरे पर नई ऊर्जा पैदा कर दी—मानो एक विश्व चैंपियन अपने अनुभवों से भविष्य की पीढ़ी को नई दिशा दे रही हो।
इस सम्मान समारोह ने यूपी पुलिस परिवार तथा खेल जगत दोनों को गौरव से भर दिया।
*जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


