
*महराजगंज: यातायात पुलिस ने सेंट जोसेफ स्कूल में चलाया जागरूकता अभियान
दिनांक: 14 नवम्बर 2025*
यातायात माह नवंबर–2025 के तहत जनपद महराजगंज में जागरूकता गतिविधियों का क्रम जारी है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीना के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के मार्गदर्शन में गुरुवार को नगर क्षेत्र स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में यातायात पुलिस टीम द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस ने छात्र-छात्राओं, अध्यापकों और कर्मचारीयों को यातायात नियमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। बच्चों को पम्पलेट बांटे गए और विशेष रूप से निम्न बातों के प्रति जागरूक किया गया—
नाबालिग छात्रों द्वारा वाहन न चलाना
तीन सवारी न बैठाना
बिना नंबर प्लेट वाले वाहन न चलाना
ओवरस्पीडिंग से बचना
सड़क पार करने के सुरक्षित नियमों का पालन
इसके अलावा विद्यार्थियों को हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग के खतरे, ट्रैफिक सिग्नल का महत्त्व, तथा मोबाइल फोन उपयोग से होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और अपने परिवार व समाज को भी इन नियमों का पालन कराने के लिए प्रेरित किया।
अंत में स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों ने यातायात नियमों के पालन एवं जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में यातायात पुलिस टीम और स्कूल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
*जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


