*परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में चाचा नेहरू को याद कर मनाया गया बाल दिवस*
आनंद नगर (महराजगंज), 14 नवम्बर।
परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, आनंद नगर में बाल दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय द्वारा पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. भारतीय ने कहा कि पं. जवाहरलाल नेहरू बच्चों से अत्यंत प्रेम करते थे और उन्हें देश का भविष्य मानते थे। उन्होंने बताया कि 27 मई 1964 को नेहरू जी के निधन के उपरांत, 14 नवंबर 1964 को पहली बार बाल दिवस मनाया गया, जिसके बाद से यह दिन पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यालय अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने नेहरू जी के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेताओं में से थे। आज़ादी के बाद प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच को मज़बूत आधार दिया। उन्होंने देश में वैज्ञानिक संस्थानों की स्थापना, उद्योगों के विकास, शिक्षा तथा अनुसंधान को प्राथमिकता देकर आधुनिक भारत की नींव रखी।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रवक्ता गण—डॉ. यशवंत सिंह, सत्य प्रकाश मौर्य, यशवंत राव, वंशदीप
मौर्य, मुरलीधर जायसवाल, संजय शर्मा, संजय विश्वकर्मा, श्रीदयाल वर्मा, कमलेश प्रजापति, राजेश सिंह, अश्वनी सिंह—सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।
*जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*



