
कैसरगंज तहसील संवाददाता दीपक सिंह जनता का सच
कैसरगंज रानी बाग में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, राहगीरों का चलना हुआ दूभर
कैसरगंज नगर के वार्ड नंबर 10, रानी बाग पबना मार्ग पर जलभराव की गंभीर समस्या बन गई है। पुराने खेल मैदान के बगल से होकर जाने वाले इस मुख्य मार्ग पर लंबे समय से पानी भरा रहने के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार, बारिश या हल्की फुहार के बाद भी मार्ग पर जलभराव हो जाता है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित होता है। कई बार फिसलन के कारण राहगीरों के चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। क्षेत्र में लगातार जमा पानी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ा रहा है, जिससे मोहल्ले में डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का प्रकोप फैलने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन से आग्रह किया है कि मार्ग की मरम्मत कर जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि लोगों को इस स्थायी समस्या से निजात मिल सके।


