
*बृजमनगंज बेलौहीं सॉसाइटी पर खाद वितरण में धांधली का आरोप*
गरीब किसानों को नहीं मिल रहा समय से खाद, पहुंच वालों को दी जा रही प्राथमिकता
उत्तर प्रदेश | जनपद – महराजगंज | ब्लॉक – बृजमनगंज
बृजमनगंज क्षेत्र के बेलौहीं पोस्ट लालपुर खाद वितरण केंद्र पर खाद वितरण में धांधली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यहाँ खाद वितरण प्रक्रिया में भारी अनियमितता की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, यदि कोई “पहुंच वाला” व्यक्ति होता है तो उसे बिना लाइन लगे खाद दे दी जाती है, जबकि गरीब और छोटे किसानों को घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाद नहीं मिल पा रही है। इस मनमानी से क्षेत्र के सैकड़ों किसान बेहद परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बेलौहीं सॉसाइटी के जिम्मेदार कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं, और इस वजह से खाद वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। किसानों का आरोप है कि सॉसाइटी पर बैठे जिम्मेदार लोगों की लापरवाही और भेदभावपूर्ण रवैये से गरीब किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
जब इस मामले में संपर्क नंबर 9919714299 पर बात करने का प्रयास किया गया, तो न तो फोन उठाया गया और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने इस विषय पर कोई स्पष्टीकरण दिया। ग्रामीणों ने तंज कसते हुए कहा कि “सॉसाइटी के जिम्मेदार जैसे कुम्भकर्णी नींद में सोए हुए हैं,” जबकि गरीब किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं।
किसानों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो और हर किसान को समय से खाद उपलब्ध हो सके।
*जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


