
*पी.एस.एम. वर्ल्ड स्कूल के छात्रों का “आधार शिला” वृद्धाश्रम भ्रमण*
वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का मिला जीवन-पाठ
पनियरा (महराजगंज)।
शनिवार का दिन पी.एस.एम. वर्ल्ड स्कूल, पनियरा के यू.के.जी से कक्षा द्वितीय तक के नन्हें-मुन्ने छात्रों के लिए बेहद खास रहा, जब उन्होंने फरेंदा स्थित “आधार शिला” वृद्धाश्रम का शैक्षणिक भ्रमण किया।
भ्रमण को लेकर बच्चों में उत्साह और जिज्ञासा स्पष्ट झलक रही थी। वे बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहे थे जब वे वहाँ के ‘दादा-दादियों’ के साथ समय बिता सकें और उनसे जीवन के अनुभव साझा कर सकें।
सुबह 9:30 बजे विद्यालय से रवाना होकर छात्र-छात्राएँ 10:00 बजे वृद्धाश्रम पहुँचे, जहाँ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वहाँ पहुँचने पर बच्चों ने सुंदर समूह गीत प्रस्तुत किए, जिनकी मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भावनात्मक और आनंदमय हो उठा। दादा-दादियाँ भी बच्चों के गीतों में शामिल होकर उत्साह से झूम उठे।
इसके बाद बच्चों ने भक्ति नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे वृद्धाश्रम का माहौल तालियों और मुस्कुराहटों से गूंज उठा। विद्यालय परिवार ने वृद्धाश्रम के निवासियों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई और अपने साथ लाए राशन एवं अन्य आवश्यक वस्तुएँ आश्रम के प्रबंधक श्री प्रदीप जी को भेंट कीं।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री आशीष श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्या भी उपस्थित रहीं। विदा लेने से पहले बच्चों ने स्नेहपूर्वक दादा-दादियों को केले भेंट किए, जिससे वातावरण भावनाओं से भर उठा।
कार्यक्रम के पश्चात सभी छात्र-छात्राएँ एवं शिक्षकगण हर्ष और सीख से भरे मन के साथ विद्यालय लौटे।
यह भ्रमण बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय एवं शिक्षाप्रद अनुभव साबित हुआ, जिसने उनमें वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और गहरा किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं सहयोगी स्टाफ भी मौजूद रहे।
*जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


