Advertisement

ईदगाह सर्किल प्रकरण में प्रशासन सतर्क गंगापुर सिटी में स्थानीय प्रबुद्धजन शांति, सौहार्द एवं बेहतर कानून व्यवस्था के लिए सहमत


ईदगाह सर्किल प्रकरण में प्रशासन सतर्क
गंगापुर सिटी में स्थानीय प्रबुद्धजन शांति, सौहार्द एवं बेहतर कानून व्यवस्था के लिए सहमत
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 1 नवम्बर।जिला प्रशासन गंगापुर सिटी में ईदगाह सर्किल के नामकरण से जुड़े प्रकरण का स्थानीय समाज की भावनाओं और नियम के अनुरूप समाधान के लिए पूरी तरह सतर्क है। जिला कलक्टर काना राम ने इस मामले में प्रकाशित समाचारों पर त्वरित संज्ञान लेकर प्रकरण के सौहार्दपूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
कलक्टर के निर्देश पर अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह तोमर ने प्रकरण से जुड़े पक्षकारों और स्थानीय प्रबुद्धजनों के साथ शहर में शान्ति और सद्भाव का माहौल बनाए रखने और प्रकरण के सर्वमान्य हल के लिए संवाद की पहल की। अतिरिक्त जिला कलक्टर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक में मामले के वास्तविक तथ्यों की जानकारी प्राप्त कर पक्षकारों के बीच समन्वय स्थापित किया गया, ताकि स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बना रहे।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक सीताराम, उपखण्ड अधिकारी बृजेन्द्र मीना, अधिशाषी अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग बदन सिंह, नगर परिषद गंगापुर सिटी के सहायक अभियंता तरुण जैन सहित विभिन्न समाजों – सैनी समाज, अग्रवाल समाज एवं ईदगाह समिति के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन किसी भी स्थिति में सामाजिक समरसता और शांति भंग नहीं होने देगा तथा सभी विवादों का समाधान संवाद एवं विधिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित मूर्ति या शिलापट्टिका सक्षम स्वीकृति के बाद ही स्थापित की जाएगी।
यदि किसी समाज या संगठन द्वारा बिना अनुमोदन मूर्ति या पट्टिका लगाने का प्रयास किया जाए, तो संबंधित पुलिस थाना अधिकारी प्राथमिकी दर्ज कर जरूरी विधिक कार्रवाई करें। साथ ही, चौराहे के नामकरण के लिए राजस्थान नगर पालिका अधिनियम एवं राजस्थान लोक संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की अनुपालना की जाए।
बैठक में गंगापुर सिटी के नगर परिषद आयुक्त को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शहर के सौंदर्यकरण आदि कार्यों की प्रक्रिया नियमानुसार, स्थानीय जनभावनाओं और तार्किक के आधार पर पूरी हो।
बैठक में नगर परिषद द्वारा वर्ष 2016-17 में लोकनिधि से किए गए निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच पर भी सहमति बनी। सभी पक्षों ने शांति, आपसी सद्भाव एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

Janta Ka Sach News