
बूंदी में दो दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का हुआ आगाज़, राष्ट्रीय एकता और सरकारी उपलब्धियों पर रहा फोकस
सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में हुआ आयोजन, ‘जीएसटी बचत उत्सव’, राष्ट्रीय एकता और महिला सशक्तिकरण पर भी हुई चर्चा
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
बूंदी, 30 अक्टूबर। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वी जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के उपलक्ष्य में, भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा बूंदी में दो दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ गुरूवार को हुआ। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित यह प्रदर्शनी 31 अक्टूबर तक आमजन के अवलोकनार्थ खुली रहेगी।
प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ नगर परिषद सभापति श्रीमती सरोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, बूंदी के पूर्व विधायक अशोक डोगरा एवं तालेड़ा प्रधान राजेश रायपुरिया ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित केंद्र सरकार की 11 साल की उपलब्धियों, ‘जीएसटी बचत उत्सव’ और ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ से संबंधित विभिन्न पैनलों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की।
*याद किया सरदार पटेल का योगदान*
कार्यक्रम में उपस्थित आमजन एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राष्ट्रीय एकता के महत्व और सरदार पटेल के योगदान पर प्रकाश डाला। जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा ने अपने उद्बोधन में सरदार वल्लभ भाई पटेल के भारत के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। मीणा ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन और उनके कार्य आज भी प्रासंगिक हैं और प्रत्येक युवा को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्रमुख प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र व राज्य सरकारें महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं, जिससे देश में महिलाओं की स्थिति बेहतर और सुदृढ़ हो रही है। उन्होंने प्रदर्शनी को ज्ञानवर्धक बताते हुए छात्राओं से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बूंदी के पूर्व विधायक अशोक डोगरा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश 2047 तक विकसित राष्ट्र की पंक्ति में शामिल होगा । इसके लिए केन्द्र सरकार द्वारा महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीब वर्ग को सशक्त करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, कोटा के सहायक निदेशक आर.एल. मीणा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रदर्शनी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला । उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल द्वारा 500 से अधिक रियासतों का भारत संघ में एकीकरण करने में निभाई गई । उनकी इस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए भारत सरकार द्वारा 31 अक्टूबर 2014 से उनकी जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। यह प्रदर्शनी सरदार पटेल की 150वीं जयंती और देश की एकता के लिए उनके द्वारा दिए गए योगदान को याद करने तथा केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रयास है।
*प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केंद्र*
प्रदर्शनी के दौरान ‘ जीएसटी बचत उत्सव’ एवं ‘राष्ट्रीय एकता’ विषयों पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अतिथियों द्वारा उपस्थित स्कूली छात्र-छात्राओं, आमजन, गणमान्य नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों ने भी आमजन को अपने विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में विभागीय गायक कलाकार सोमादास ने ‘ये वक्त की आवाज है मिलके चलो, मोदी जी राज है मिलके चलो’ गीत प्रस्तुत कर सरकारी योजनाओं का संदेश दिया। वहीं, बारां जिले से आई विभाग की अमित चकरी पार्टी के कलाकारों ने प्रसिद्ध चकरी नृत्य के माध्यम से ‘मेरा भारत देश रहे एकजुट, यही संदेश देना है हम सबको’ की जोरदार प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
*राष्ट्रीय एकता रैली का हुआ आयोजन, दिलाई एकता की शपथ*
सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्षय में बूंदी में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृखंला में गुरूवार को सुबह महारानी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय से राष्ट्रीय एकता रैली निकाली गई।
रैली को जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा , विद्यालय की उप प्रधानाचार्य गायत्री गौतम सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा , वरिष्ठ कलाकार सोमादास, नेमीचंद एवं प्रेम सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली अहिंसा सर्किल, कलक्ट्रेट के सामने से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आकर सम्पन्न हुई। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने रैली में शामिल स्कूली बच्चों, आमजन, महिला पुरूषों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।


