
*छठ पूजा को लेकर प्रशासन सतर्क, क्षेत्राधिकारी व उपजिलाधिकारी ने किया घाटों का निरीक्षण*
आगामी छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी फरेंदा व उपजिलाधिकारी फरेंदा द्वारा आज थाना फरेंदा व थाना कोल्हुई क्षेत्रांतर्गत विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना फरेंदा क्षेत्र के दुर्गा मंदिर पोखरा एवं प्रेम पोखरा सहित थाना कोल्हुई क्षेत्र के कस्बा कोल्हुई, पिपरा परसौनी तथा जोगियाबारी स्थित प्रमुख घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपजिलाधिकारी फरेंदा ने संबंधित विभागों को घाटों की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं क्षेत्राधिकारी फरेंदा ने पुलिस बल को सतर्क दृष्टि बनाए रखने, गश्त व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि छठ पर्व के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पर्व सकुशल संपन्न कराया जा सके।
*जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


