
*स्वच्छ हाथ – स्वस्थ जीवन” के संदेश के साथ मनाया गया ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे*
*रिपोर्ट ,.अरविंद कुमार उप संपादक जनता का सच राष्ट्रीय समाचार पत्र,*
बहराइच, 15 अक्टूबर 2025 — आगा खान फाउंडेशन द्वारा संचालित पोषण प्रेरणा परियोजना के अंतर्गत आज बहराइच जनपद के चित्तौरा, रिसिया, बलहा, तेजवापुर एवं शिवपुर विकास खंड के 5 विद्यालयों एवं 5 ग्राम समुदायों में ‘ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे’ के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं सहित समुदाय के सभी लोगों में व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों को हाथ धोने के महत्व, सही समय और सही तरीके से हाथ धोने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत परिचय सत्र से हुई, जिसमें बच्चों को बताया गया कि “15 अक्टूबर को पूरी दुनिया में ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे मनाया जाता है।” इसके बाद व्यवहारिक गतिविधि में बच्चों ने सीखा कि केवल दिखने में साफ़ दिखने वाले हाथों में भी कितनी गंदगी छिपी होती है।
बच्चों के साथ SUMAN K विधि के माध्यम से हाथ धोने की सही प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा पोस्टर प्रदर्शन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई।
🎤 पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिलेटनगंज के प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने कहा —
“हमारे बच्चों में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना हमारी प्राथमिकता है। आज का यह कार्यक्रम उन्हें जीवनभर स्वस्थ रहने की प्रेरणा देगा।”
साथ ही, ग्राम पंचायतों में आयोजित टीकाकरण सत्रों पर गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को भी हाथ धोने की सही विधि सिखाई गई। महिलाओं ने स्वयं साबुन और पानी से हाथ धोने का अभ्यास किया और उन्हें यह समझाया गया कि बच्चे को खिलाने या भोजन बनाने से पहले हाथ धोना संक्रमण से बचाव के लिए कितना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “हैंडवॉशिंग शपथ” ली।
इन कार्यक्रमों में गाँव की आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, एएनएम, अध्यापकगण, ग्राम प्रधान तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सामूहिक प्रयास से विद्यालयों और समुदाय दोनों स्तरों पर “स्वच्छ हाथ, स्वस्थ जीवन” का संदेश सफलतापूर्वक पहुँचाया गया।


