
*प्रभारी सचिव डॉ. देबाशीष पृष्टी ने पचीपल्या शिविर का किया निरीक्षण, त्वरित समाधान व पारदर्शिता पर दिया जोर
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
*सवाई माधोपुरदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार चल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के अंतर्गत मंगलवार को ग्राम पंचायत पचीपल्या स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र पर आयोजित शिविर का जिला प्रभारी एवं प्रमुख शासन सचिव, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग डॉ. देबाशीष पृष्टी ने आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा लाभार्थियों को मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज, आयुष्मान कार्ड, आवासीय पट्टे आदि वितरित किए। उन्होंने उपस्थित आमजन से संवाद कर शिविरों से अधिकाधिक लाभ उठाने व अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
डॉ. पृष्टी ने अधिकारियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से यूडीआईडी कार्ड के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण एवं दिव्यांगजनों की पेंशन सत्यापन हेतु ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश ग्राम विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने ग्राम में जलापूर्ति की स्थिति की जानकारी ली और अंतिम छोर तक स्वच्छ जल पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग से पोषाहार वितरण एवं जिले में अति कुपोषित बच्चों की जानकारी लेकर विशेष निगरानी की बात कहीं। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को अमरूदों में फैल रहे नीमाटोड रोग पर विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए।
*लाभार्थियों को मौके पर ही मिले दस्तावेज, पोषण किट और योजनाओं का लाभ :-* इस दौरान प्रमुख शासन सचिव ने श्रम विभाग को 90 दिन से अधिक कार्य करने वाले श्रमिकों का समन्वित पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को बालिका छात्रावासों में समय-समय पर महिला चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच कराने एवं पेंशन सत्यापन कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। राजस्व विभाग द्वारा आपसी सहमति से हुए पांच तकासमों (खाता विभाजन) की जानकारी ली गई, जिनमें रामसहाय व घूडया के तकासमे ऑनलाईन कर 24 घंटे में तरमीम के निर्देश दिए गए। पखवाड़े में राजस्व विभाग द्वारा सहमति से विभाजन के 5, सीमाज्ञान के 2, नामांतकरण के 36 एवं रास्तों के 2 प्रकरणों को निस्तारण किया गया। वहीं एनएफएसए में शामिल नवीन पात्र परिवारों की आधार के 48, एनएफएसए ई केवाईसी के 96 प्रकरण का निस्तारण किया गया एवं टीबी रोगियों की पहचान हेतु 35 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई। वहीं 4 निक्षय पोषण किट भी वितरित किए गए। साथ ही कृषि विभाग द्वारा 52 मृद्रा नमूनों का संग्रहण कर 62 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित कए गए।
*राशन कार्डों की प्रगति और स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी :-* प्रमुख शासन सचिव ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से एनएफएसए व अंत्योदय कार्डधारकों को मिलने वाले लाभ की जानकारी ली। 45 लंबित प्रकरणों में से शेष 32 के सत्यापन को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ओपीडी/आईपीडी में रोगी के नाम के साथ पता दर्ज कर मौसमी बीमारियों की निगरानी एवं जागरूकता कार्यक्रमों के संचालन की बात कहीं।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव डॉ. पृष्टी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने शिविरों को शासन की मंशा के अनुरूप सुचारू, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाने की बात कहीं।
इस दौरान उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पचीपल्या की छात्रा कोमल गुर्जर, राजकुमार बैरवा, कविता गुर्जर एवं छात्र शाहबाज खान को पुस्तकें भी वितरित की। इस दौरान प्रमुख शासन सचिव ने ग्राम पंचायत पचीपल्या स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, एसडीएम अनूस सिंह, विकास अधिकारी जगदीश मीणा, तहसीलदार नीरू सिंह, सरपंच अंजु नारायणीया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


