Advertisement

जिला कलक्टर ने ली “हरियालो राजस्थान” अभियान की समीक्षा बैठक पौधारोपण हेतु जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश जनता का सच

जिला कलक्टर ने ली “हरियालो राजस्थान” अभियान की समीक्षा बैठक
पौधारोपण हेतु जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, जिला कलक्टर शुभम चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में “हरियालो राजस्थान” पौधारोपण अभियान की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने अभियान के तहत जिले में लक्ष्य अनुसार पौधारोपण की माकूल तैयारियों के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शीघ्र ही विभागवार पौधारोपण स्थलों का चयन कर गड्ढे करने का कार्य पूर्ण करें तथा नर्सरियों में सम्पर्क कर लक्ष्यनुसार पौधों करवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने पौधों की उपलब्धता हेतु नर्सरियों में पर्याप्त पौधों की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिए।
कलक्टर ने अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह को निर्देश दिए कि सभी चिन्हित स्थलों पर पौधों की सुरक्षा हेतु तारबंदी एवं संरक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पंचायती राज, मनरेगा, राजीविका, शिक्षा, चिकित्सा सहित सभी विभागों एवं संस्थाओं को निर्देशित किया कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और ग्राम स्तर तक इस कार्य को गतिशील बनाएं।
“हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत लक्ष्यानुसार अधिकतम पौधारोपण सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाने और जियो ट्री पोर्टल पर नियमित अद्यतन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि हाईवे, ग्राम की मुख्य सड़कों, मेडबंदी, तालाबों व सार्वजनिक स्थलों के आसपास पौधारोपण सुनिश्चित कर जिले को हरित प्रदेश में अग्रणी बनाएं।

जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री महाअभियान के तहत हर परिवार को अभियान से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। जिला, उपखण्ड एवं ग्राम स्तर पर सघन पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
*वन विभाग ने 15 लाख से अधिक पौधे किए तैयार:-* उप वन संरक्षक सुनील कुमार ने बताया कि वन विभाग द्वारा जिले के 10 नर्सरियों में 15.38 लाख छायादार, फलदार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए जिसमें आलनपुर में 3.44 लाख, चौथ का बरवाड़ा में 0.60 लाख, भगवतगढ़ में 0.20 लाख, बौंली रेंज की मलारना डूंगर 1.79 लाख, कुशलपुरा में 0.75 लाख, गुप्तेश्वर में 2 लाख, गंगापुर सिटी रेंज के अमरगढ़ में 1 लाख, सिंथोली में 0.95 लाख, गंगापुर सिटी में 3.6 लाख एवं टटवाड़ा में 1.05 लाख पौधे तैयार किए गए है। उन्होंने बताया कि सभी विभाग एवं आमजन नर्सरियों में जाकर निर्धारित दरों पर 2 फिट तक के पौधे 5 रूपये से लेकर 10 फिट तक का पौधा अधिकतम 105 रूपये में प्राप्त कर सकते है। औषधीय गुणों से युक्त मोरिंगा/सहजन का पौधा 8 एवं 15 रूपये एवं इमारती लकड़ी सागवान का पौधा 15 रूपये में प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि लिंक https://aaranyak.forest.rajasthan.gov.in/CitizenPurchase/CitizenPlantPurchase?UserTypeId=1 के माध्यम से भी नर्सरियों से ऑनलाईन पौधे आरक्षित कर खरीदे जा सकते है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, सीएमएचओं डॉ. अनिल कुमार जैमिनी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Janta Ka Sach News