Advertisement

जनपद बहराइच वन्यजीव हमलों से प्रभावित क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी करे वन विभाग: डीएम 

वन्यजीव हमलों से प्रभावित क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी करे वन विभाग: डीएम

बहराइच 04 जून। जनपद की तहसील महसी के थाना हरदी के ग्राम गदामार कला (गढ़ीपुरवा) में मंगलवार को अज्ञात जानवर द्वारा हमला किये जाने से आयुष पुत्र प्रमोद पाल आयु लगभग 02 वर्ष की मृत्यु हो गयी है, उक्त घटना के दृष्टिगत जिलाधिकारी मोनिका रानी द्वारा प्रभागीय वनाधिकारी, बहराइच को निर्देश दिया गया है कि तहसील महसी के संवेदनशील/अति संवेदनशील ग्रामों में पर्याप्त वन कर्मियों की ड्युटी लगाते हुये विशेष रूप से रात्रि 11.00 बजे से प्रातः 04.00 बजे तक ड्रोन आदि के माध्यम से प्रभावी निगरानी करते हुये पूरी सतर्कता बरती जाय।

डीएम ने निर्देश दिया है कि जंगली जानवरों के हमलों पर प्रभावी अंकुश हेतु उप जिलाधिकारी, महसी एवं खण्ड विकास अधिकारी, महसी द्वारा चिन्हित संवेदनशील/अति संवेदनशील ग्रामों में पूर्व की भांति पुलिस कर्मचारियों, क्षेत्रीय लेखपाल, सचिव, सफाई कर्मी, रोजगार सेवक आदि ग्राम पंचायत स्तरीय कर्मचारियों की टीम के साथ वन कर्मियों की रात्रि में ड्युटी लगाते हुये विशेष रूप से रात्रि 11.00 बजे से प्रातः 04.00 बजे तक ड्रोन आदि के माध्यम से प्रभावी निगरानी कराया जाना सुनिश्चित करें, ताकि किसी प्रकार की कोई और अप्रिय घटना घटित न होने पाये।

डीएम ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई घटना घटित होती है, तो तत्काल मौके पर पहुंच कर प्रकरण के सम्बन्ध में मीडिया हेतु बाईट एवं संक्षिप्त नोट जिला सूचना अधिकारी, बहराइच को उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें, ताकि भ्रामक खबरें प्रकाशित न होने पाये।

 

Janta Ka Sach News