
कचहरी गेट संख्या 3 पर चेकिंग के वक्त महिला सिपाही व अधिवक्ताओं में कहासुनी
कमल कांत दुबे जिला संवाददाता फर्रुखाबाद
यूपी फर्रुखाबाद। कचहरी के गेट संख्या तीन पर प्रवेश को लेकर महिला सिपाही और अधिवक्ता का विवाद हो गया। दोनों ओर से कहासुनी के बाद मामला जिला जज तक पहुंचा। जिला जज ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता करवा दिया।
सोमवार को गेट संख्या तीन से एक अधिवक्ता कचहरी परिसर में दाखिल हो रहे थे। मेटल डिटेक्टर गेट पर घुसने से पहले महिला सिपाही ने अधिवक्ता से उसका आधार कार्ड मांगा। अधिवक्ता के यूनीफार्म में नहीं थे। इस पर अधिवक्ता ने कहा कि वह बार एसोसिएशन के पदाधिकारी हैं। वह पेशे से अधिवक्ता हैं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। अधिवक्ता ने मामले की सूचना बार एसोसिएशन के सचिव कुंवर सिंह यादव को दी। गेट पर तैनात सिपाहियों ने भी उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिभूषण दीक्षित, सचिव कुंवर सिंह यादव की अगुवाई में अधिवक्ता एकत्र होकर जिला जज के कक्ष में पहुंचे। अधिवक्ताओं से सिपाहियों की कहासुनी की सूचना पर एएसपी डा. संजय कुमार, सीओ सिटी एश्वर्य उपाध्याय और न्यायालय सुरक्षा अधिकारी भी पहुंच गए। जिला जज ने अपने कक्ष में दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले को शांत करवा दिया। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद सभी चले गए। बार एसोसिएशन अध्यक्ष शशिभूषण दीक्षित ने बताया कि गेट संख्या तीन पर तैनात सिपाही ने अधिवक्ता से आधार कार्ड मांगा। जब अधिवक्ता ने बताया कि वह अधिवक्ता है, इसके बाद भी उनसे अभद्रता की गई। सचिव कुंवर सिंह यादव ने बताया कि अधिवक्ता व तैनात सिपाहियों में समझौता हो गया है। कहा कि किसी भी अधिवक्ता से साथ अगर गलत होता है तो बार एसोसिएशन बर्दाश्त नहीं करेगी। दोबारा अगर ऐसी घटना होती है, तो लिखित शिकायत की जाएगी।
सीओ सिटी एश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि कचहरी में अधिवक्ता व डयुटी पर तैनात पर सिपाही के बीच कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्षों में बातचीत हो गई है।


