Advertisement

ट्रक की चपेट में आई बाइक, महिला व युवक की मौत,एक गंभीर


श्रावस्ती

न्यूज़
ट्रक की चपेट में आई बाइक, महिला व युवक की मौत,एक गंभीर

-घटनास्थल पर मचा कोहराम, कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, बुलडोजर से हटाया गया ट्रक-

जमुनहा श्रावस्ती। थाना सोनवा क्षेत्र के अंतर्गत बरदेहरा नासिरगंज मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार परिवार को बालू से लदे अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा घुमबोझी गांव स्थित मथुरा प्रसाद उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास हुआ, जब हरदत्तनगर गिरन्ट बाजार निवासी सुफियान (22) पुत्र जमील, तौहीद (8) पुत्र समीम और कमरुन निशा (40) पत्नी समीम बाइक से जा रहे थे। तभी सामने से आ रहा बालू से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बाइक सवारों को रौंदता हुआ गहरी खाई में पलट गया। हादसे में कमरुन निशा की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सुफियान और तौहीद गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक के नीचे दबे लोगों को दो बुलडोजरों की सहायता से कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को मेडिकल कॉलेज बहराइच भेजा गया, जहां ले जाते समय सुफियान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश देखा गया।

Janta Ka Sach News