**बरेली।** थाना बारादरी पुलिस ने बाबा बनखंडी नाथ महादेव मंदिर, जोगी नवादा से 108 शिवलिंगों पर स्थापित चार तांबे के नाग देवताओं की चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चारों तांबे के नाग देवता भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को मंदिर के महंत केदार पुरी ने सूचना दी थी कि मंदिर परिसर में स्थापित 108 शिवलिंगों में से चार शिवलिंगों पर लगे तांबे के नाग देवता चोरी हो गए हैं। मामले में थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी **इसरार पुत्र मुख्तियार**, निवासी अल्वी मस्जिद के पास, थाना बारादरी, उम्र करीब 24 वर्ष, को संजीव के खोखे के पास जोगी नवादा से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी किए गए चारों तांबे के नाग देवता बरामद हुए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पहले से भी कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई कर रही है।


