
*10-15 लोगों ने मिलकर किया जानलेवा हमला! थाना पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित पहुंचा सीतापुर कप्तान कार्यालय, सुसंगत धाराएं बढ़ाने की मांग*
*डॉक्टर के सीजी कात्यायन पचौरी*
सीतापुर के थाना पिसावां क्षेत्र के अरसेनीपुरवा गांव में नाली निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कप्तान कार्यालय तक पहुंच गया है। थाना पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित मुसाफिर सोमवार को सीतापुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और मामले में सुसंगत धाराएं बढ़ाए जाने की मांग की।
पीड़ित मुसाफिर का आरोप है कि नाली निर्माण को लेकर पहले गाली-गलौज हुई, जिसके बाद करीब 10 से 15 लोगों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। मुसाफिर का यह भी कहना है कि उसके भाई साबिर को भी बुरी तरह पीटा गया, जिसका इलाज फिलहाल जिला अस्पताल सीतापुर में चल रहा है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि थाना पुलिस ने घटना की गंभीरता के अनुरूप कार्रवाई नहीं की। इसलिए उसने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 307, 308 समेत अन्य सुसंगत धाराएं बढ़ाने और निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
शिकायती पत्र में मुसाफिर ने आरोप लगाया है कि मुनीस, गुड्डू, युनुस पुत्रगण स्वर्गीय फकीरे तथा बब्बी पुत्र गुड्डू, निवासी ग्राम अरसेनीपुरवा, पोस्ट वजीर नगर, थाना पिसावां, तहसील मिश्रिख, जनपद सीतापुर सहित अन्य लोगों ने उस पर हमला किया।
फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस मामले में धाराएं बढ़ाती है या नहीं।


