
*बच्चों के विवाद में मारपीट, कई लोग घायल; पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप*
रिपोर्ट अरुण कुमार दुबे महाराजगंज
महाराजगंज जनपद के चौक थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा कुईया उर्फ महेशपुर टोला जमुनहीया में बच्चों के विवाद को लेकर 18 जून की रात लगभग 9:00 बजे दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रथम पक्ष के फूल कुमारी, पलटू साहनी, गोरख साहनी, हिमांशु साहनी, बबीता एवं अंगिरा के साथ द्वितीय पक्ष के ऋषि मुनि साहनी, तारकेश्वर साहनी, ज्योति, कुंती, शकुंतला और मुन्नी ने गोलबंद होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना में फूल कुमारी को गंभीर चोटें आईं, जिनके दोनों हाथ टूटने की बात कही जा रही है तथा सिर पर भी गंभीर चोट लगी है। वहीं गोरख साहनी को सीने, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। पलटू साहनी को भी गंभीर चोटें लगी हैं, जबकि हिमांशु साहनी के सिर पर गंभीर चोट आने की बात सामने आई है। इसके अलावा बबीता और अंगिरा को भी हाथ-पैर में चोटें आई हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की सूचना के बावजूद स्थानीय पुलिस रात में मौके पर नहीं पहुंची। बाद में 112 नंबर पर सूचना देने के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही आरोप लगाया गया है कि स्थानीय पुलिस द्वितीय पक्ष के प्रभाव में आकर अब तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए न्याय की मांग की है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी और रोष की चर्चा है। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।


