


Prayagraj उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर
प्रयागराज में तिहरे हत्याकांड से सनसनी, घर के बाहर मिले तीन शव
मेजा (प्रयागराज)। मेजा थाना क्षेत्र के कुकरकटवा गांव में मंगलवार सुबह तिहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। एक ही परिवार के तीन लोगों के शव घर के बाहर खून से लथपथ हालत में पड़े मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान श्याम लाल गुप्ता (65), अमरावती देवी (55) और इंद्रावती देवी (करीब 50) के रूप में हुई है। सुबह ग्रामीणों ने जब घर के बाहर तीनों के शव पड़े देखे तो अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों के अनुसार, परिवार के अधिकांश सदस्य रोजी-रोटी के सिलसिले में प्रदेश से बाहर रहते हैं। ऐसे में घर पर सीमित लोग ही मौजूद थे। घटना की सूचना पर थाना पुलिस के साथ ही उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फोरेंसिक टीम को बुलाया है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है, हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
बताया गया कि अमरावती देवी के पति नेब्बू लाल राजस्थान में रहकर जीविका चलाते हैं, जबकि इंद्रावती देवी के पति दूधनाथ का पहले ही निधन हो चुका है। श्याम लाल गुप्ता परिवार के जेठ बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
रिपोर्ट यूरो चीफ प्रयागराज उत्तर प्रदेश डॉ केशवाचार्य गोस्वामी


