Advertisement

मथुरा एसएसपी ने की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत, लापरवाही और अनुशासनहीनता पर 3 दरोगा निलंबित, 1 लाइन हाजिर


मथुरा एसएसपी ने की बड़ी कार्रवाई:
रिश्वत, लापरवाही और अनुशासनहीनता पर 3 दरोगा निलंबित, 1 लाइन हाजिर
संवाददाता आलोक तिवारी
मथुरा। जनपद में पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और विभागीय अनुशासन बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन उपनिरीक्षकों को निलंबित तथा एक उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया है। कार्रवाई कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही, शिथिलता और अनुशासनहीनता के आरोपों के आधार पर की गई है।

जानकारी के अनुसार थाना राया में तैनात उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार के खिलाफ उत्कोच (रिश्वत) लेने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने उन्हें प्रारंभिक जांच में दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया।

वहीं थाना रिफाइनरी में तैनात उपनिरीक्षक लोकेन्द्र सिंह को दो समुदायों के बीच हुए विवाद को गंभीरता से नहीं लेने के आरोप में निलंबित किया गया है। इसी प्रकार थाना गोवर्धन में तैनात उपनिरीक्षक रजत दुबे को विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने के कारण निलंबन की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

इसके अलावा थाना वृंदावन क्षेत्र की रंगजी चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह को जनपद के चिन्हित माफियाओं की निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है।

एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार की इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Janta Ka Sach News