5 जून को मथुरा में लगेगा 6.17 लाख पौधों का हरित महाअभियान
एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमृत सरोवरों, स्कूलों और ग्राम पंचायतों में होगा व्यापक पौधा रोपण
संवाददाता आलोक तिवारी
मथुरा । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को मथुरा जनपद में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से 6 लाख 17 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर संचालित यह वृहद अभियान केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
वृन्दावन स्थित गीता शोध संस्थान में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री एवं बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
बैठक के उपरांत मंत्री संदीप सिंह ने गीता शोध संस्थान परिसर में वृक्षारोपण कर हरित अभियान का शुभारंभ संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि 5 जून को जनपद के सभी अमृत सरोवरों, तालाबों, नदी एवं नहर किनारों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, तहसीलों, विकास खंडों तथा प्रमुख मार्गों के आसपास बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। अभियान के तहत पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित निगरानी की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त ब्रज अभियान तथा हरित विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। प्रशासन का लक्ष्य है कि जनसहभागिता के माध्यम से मथुरा को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक जनपद के रूप में स्थापित किया जाए।
बैठक में विधायक पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, ठा मेघश्याम सिंह मथुरा वृंदावन के महापौर विनोद अग्रवाल भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय राजू यादव आदि मौजूद रहे।



