अड़ींग में ट्रांसफार्मर पार्ट्स चोरी का होगा जल्द खुलासा, डीआईजी ने दिए निर्देश
– चोरी की वारदात से पुलिस महकमे में हलचल, डीआईजी ने किया मौके का निरीक्षण
– निर्माणाधीन कॉलोनी में ट्रांसफार्मर चोरी से हड़कंप, डीआईजी ने किया निरीक्षण
गोवर्धन। थाना क्षेत्र के गांव अड़ींग स्थित निर्माणाधीन कॉलोनी में विद्युत ट्रांसफार्मर के महत्वपूर्ण पार्ट्स चोरी होने की घटना के बाद आगरा परिक्षेत्र के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और जांच की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा घटनास्थल का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मामले के शीघ्र एवं सफल अनावरण के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को तेज करने के निर्देश दिए। डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि चोरी की घटना के खुलासे में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहनता से जांच की जा रही है और विभिन्न पहलुओं पर कार्य करते हुए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत,क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह,थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर,हरेंद्र मालिक साथ में प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


