Advertisement

अभियान संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि सड़कों, अस्पतालों, तालाबों, पार्कों तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।


एम एम खान उर्फ फिरोज मंडल ब्यूरो गोरखपुर महराजगंज, 04 जून 2026, प्रदेश सरकार के मा. प्रभारी मंत्री श्री दयाशंकर मिश्र द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक संचालित होने वाले समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में की गई। बैठक में मा. प्रभारी मंत्री ने वृक्षारोपण अभियान, जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम, जन समस्या समाधान शिविर, स्वास्थ्य मेले, विकास प्रदर्शनी, योग शिविर तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों के सफल एवं प्रभावी संचालन के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए अधिकतम लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ एवं जानकारी पहुंचाई जाए।
वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों, नहरों एवं तालाबों के किनारे छायादार तथा फलदार पौधों का रोपण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में 05 जून को कुल 5.81 लाख पौधे लगाए जाएंगे। मा. प्रभारी मंत्री ने रात्रि चौपालों को अधिक जनोन्मुख एवं प्रभावी बनाने पर बल देते हुए निर्देश दिया कि इन कार्यक्रमों में राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों का सहयोग लिया जाए, जिससे अधिकाधिक नागरिकों तक योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुंच सके। उन्होंने कृषि गोष्ठियों का आयोजन ब्लॉक एवं जिला स्तर पर प्रभावी ढंग से करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अभियान अवधि के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि सड़कों, अस्पतालों, तालाबों, पार्कों तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। गंदे एवं अनुपयोगी स्थलों को स्वच्छ बनाकर वहां वृक्षारोपण किया जाए। साथ ही कार्यालय परिसरों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के प्रारंभ में मा. प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने मा. प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। बैठक में मा. विधायक पनियरा, मा. विधायक सदर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ), भाजपा जिलाध्यक्ष, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Janta Ka Sach News