
रिपोर्टर जे पी कुशवाहा बांसगांव-दोहरीघाट रेलवे लाइन निर्माण एवं भूमि अधिग्रहण की समीक्षा, 2028 तक प्रथम चरण पूरा करने के निर्देश
गोला गोरखपुर
सहजनवा _ बांसगांव-दोहरीघाट रेलवे लाइन निर्माण परियोजना एवं भूमि अधिग्रहण कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर स्थानीय भाजपा सांसद एवं केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने गुरुवार को बांसगांव तहसील सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने भू अज्ञप्ति अधिकारी, रेलवे अधिकारियों एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सहजनवा बांसगांव-दोहरीघाट रेलवे लाइन क्षेत्र के विकास और आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से क्षेत्रीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी तथा व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
केंद्रीय ग्रामीण राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजना के प्रथम चरण का कार्य वर्ष 2028 तक हर हाल में पूरा किया जाए तथा इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में मौजूद उपजिलाधिकारी बांसगांव प्रदीप सिंह,उपजिलाधिकारी गोला अमित जयसवाल ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण एवं निर्माण कार्य की प्रगति से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। मंत्री ने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सरकार जनहित की परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर रेलवे विभाग, राजस्व विभाग तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और आवश्यक समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मार्कण्डेय राय,पूर्व जिलाउपाध्यक्ष संजय सिंह,मंडल अध्यक्ष अश्वनी राय,महामंत्री अवनीश सिंह,सांसद प्रतिनिधि अरविंद पांडेय,अविनाश सिंह अन्नू,नीलेंद्र सिंह छोटू,मनोज सिंह,जितेंद्र सिंह,अजय सिंह ग्लोरियस, कमलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता एवं काश्तकार उपस्थित रहे।


