Advertisement

भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर युवती ने पुल से लगाई छलांग’, हालत नाजुक: सुसाइड नोट में प्रेमी पर लगाया धोखे का आरोप, हाथरस के युवक समेत तीन पर कार्रवाई की मांग***


**भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर युवती ने पुल से लगाई छलांग’, हालत नाजुक: सुसाइड नोट में प्रेमी पर लगाया धोखे का आरोप, हाथरस के युवक समेत तीन पर कार्रवाई की मांग***
बरेली, भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नैनीताल हाईवे स्थित स्टेशन पर 24 साल की एमबीए युवती ने रेलवे पुल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवती को बरेली के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

‘पुल से कूदते ही मचा हड़कंप’
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह स्टेशन पर आम दिनों जैसी चहल-पहल थी। तभी एक युवती अचानक पुल से ट्रैक की तरफ कूद गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवती को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट और हाथ-पैर में फ्रैक्चर हैं।

‘सुसाइड नोट में धोखे का जिक्र’
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में युवती ने परिवार की प्रतिष्ठा और एक युवक द्वारा धोखा दिए जाने का जिक्र किया है। परिजनों ने बताया कि युवती पिछले एक साल से नोएडा की एक आईटी कंपनी में जॉब कर रही थी। वहां उसकी मुलाकात हाथरस निवासी आयुष शर्मा से हुई थी।

‘शादी से इनकार पर उठाया कदम’
परिजनों का आरोप है कि आयुष शर्मा ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में संबंध बनाए। जब युवती ने शादी का प्रस्ताव रखा तो आरोपी ने इनकार कर दिया। इससे आहत होकर युवती बरेली स्थित घर लौट आई थी। शुक्रवार सुबह वह सहेली से मिलने का बहाना बनाकर घर से निकली थी।

‘दो दोस्तों पर भी लगाए आरोप’
पीड़ित परिवार ने आयुष शर्मा के अलावा उसके दो दोस्तों अभिनव और सौरभ पर भी युवती की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने तीनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

‘तहरीर का इंतजार कर रही पुलिस’
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल परिवार की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस नोएडा और हाथरस में भी आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।

Janta Ka Sach News