
पुरुषोत्तम एकादशी पर दाऊजी महाराज एवं रेवती मैया का अलौकिक श्रृंगार बना आकर्षण का केंद्र।
– गोवर्धन के मोदी खाना स्थित दाऊजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, गूंजे हरिनाम संकीर्तन
– दाऊजी मंदिर में भक्तिमय माहौल, श्रद्धालुओं ने किया व्रत-पूजन
गोवर्धन। कस्बा के मोदी खाना स्थित प्राचीन दाऊजी मंदिर में अधिक मास एवं पुरुषोत्तम एकादशी के पुण्यदायी अवसर पर दाऊजी महाराज और रेवती मैया का भव्य श्रृंगार कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और भक्तों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मंगल कामना की।
मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया तथा भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु एवं दाऊजी महाराज की आराधना की। मंदिर के सेवायत बृजेन्द्र शर्मा (बबलू पंडित) ने बताया कि पुरुषोत्तम एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना, उपवास एवं दान-पुण्य करने से अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्यफल प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि अधिक मास में आने वाली यह एकादशी अत्यंत फलदायी मानी जाती है, जिससे व्यक्ति के सभी कष्ट दूर होकर मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।


