Advertisement

ग्राम रथ अभियान के तहत प्रभारी मंत्री की रात्रि चौपाल चूली में कृषि, डेयरी और सहकारिता की मजबूती से गांव बनेंगे समृद्ध — मंत्री गौतम कुमार दक


ग्राम रथ अभियान के तहत प्रभारी मंत्री की रात्रि चौपाल चूली में
कृषि, डेयरी और सहकारिता की मजबूती से गांव बनेंगे समृद्ध — मंत्री गौतम कुमार दक
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 12 मई।राज्य सरकार द्वारा संचालित “ग्राम रथ अभियान” के अंतर्गत सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिला प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक ने मंगलवार रात्रि गंगापुर सिटी क्षेत्र की ग्राम पंचायत चूली में आयोजित ग्राम विकास रात्रि चौपाल में भाग लेकर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम रथ का पूजन कर अभियान की गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।

*ग्राम रथ अभियान: जनसंवाद और समस्या समाधान का प्रभावी माध्यम*
प्रभारी मंत्री श्री दक ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में बैठे पात्र व्यक्ति तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनकर समाधान सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम बन रहा है।
उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे परंपरागत खेती के साथ आधुनिक एवं जैविक खेती को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें। उन्होंने कहा कि कृषि, डेयरी एवं सहकारिता क्षेत्र की मजबूती से गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा ग्रामीण क्षेत्र आत्मनिर्भर बनेंगे।
इस दौरान राजीविका समूह की महिला पूजा शाक्य ने समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में आए परिवर्तन की कहानी सभी के साथ साझा करते हुए सभी ग्रामीण महिलाओं को राजीविका समूह से जुड़ने के लिए प्रेरित किया एवं उनके समूह द्वारा निर्मित हैंडीक्राफ्ट उत्पाद प्रभारी मंत्री को भेज किए।

*किसानों एवं पशुपालकों के लिए सरकार चला रही कई योजनाएं*
प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों एवं पशुपालकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना एवं मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से पशुपालकों को लाभान्वित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर 5 रुपये का अनुदान प्रदान किया जा रहा है।

*23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट: आधुनिक कृषि तकनीकों एवं नवाचारों की जानकारी मिलेगी*
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का आयोजन किया जा रहा है, जिससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए नए पैक्स खोले जा रहे हैं।
मंत्री श्री दक ने कहा कि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पीएम किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों को 3 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जा रही है, जिससे अब पात्र किसानों को प्रतिवर्ष कुल 9 हजार रुपये सम्मान निधि के रूप में प्राप्त हो रहे हैं।

*जनभागीदारी से गांवों के विकास को मिलेगी नई गति*
प्रभारी मंत्री श्री दक ने कहा कि राज्य सरकार जनभागीदारी के माध्यम से गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम रथ अभियान के दौरान प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का विभागवार संकलन कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन एवं विकास को और अधिक गति मिल सके।

*एलईडी वैन एवं कला जत्था के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार*
कार्यक्रम के दौरान ग्राम रथ एलईडी वैन के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों का प्रसारण किया गया। वहीं कला जत्था दल द्वारा लोकगीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का आकर्षक एवं प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, सिंचाई, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी दी तथा प्रचार सामग्री एवं पेम्फलेट वितरित किए।

*टीबी रोगियों को सौंपी निक्षय किट, लाभार्थियों को बीमा पॉलिसी एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित*
इस दौरान प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधि द्वारा भारत सिंह , राजेंद्र जाटव, बबलू, धर्मसिंह, रमेश , फारूक आदि टीबी रोगियों को निक्षय कीट प्रदान की। सुनीता, मोती, सरोज, रजनी, जीत कौर सहित अन्य को मंगला बीमा पॉलिसी सौंपी गई वहीं,मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर पूर्व विधायक गंगापुर सिटी मानसिंह गुर्जर, जिला कलक्टर काना राम, अतिरिक्त जिला कलक्टर, गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह तोमर, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेंद्र सिंह, उपखंड अधिकारी बृजेंद्र सिंह मीणा, सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान मंजू गुर्जर, चूली सरपंच बादाम देशी , मीणा पांडा सरपंच हंसराज गुर्जर, समाजिक कार्यकर्ता सुरेश चंद्र जैन, उदय गुर्जर, सत्यनारायण धाकड़, मुकेश शर्मा, कैदार मीणा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी , जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Janta Ka Sach News