
सिद्धार्थनगर: रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में बुद्ध पूर्णिमा व लोकगीत गायन का भव्य आयोजन
सिद्धार्थनगर (तेतरी बाज़ार): स्थानीय रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, तेतरी बाज़ार में बुद्ध पूर्णिमा के पावन पर्व पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘बालिका शिक्षा योजना’ के अंतर्गत लोकगीत गायन कार्यक्रम का भी सफल आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महात्मा बुद्ध के आदर्शों पर चर्चा:
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती स्मृति जी ने छात्राओं को भगवान बुद्ध के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बुद्ध के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। मुख्य अतिथि श्रीमती सीमा मिश्रा जी ने महात्मा बुद्ध और अंगुलिमाल की कथा का वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार करुणा और शिक्षा के माध्यम से क्रूरता को भी बदला जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं को बुद्ध के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
लोक परंपराओं का संरक्षण:
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने विभिन्न प्रकार के लोकगीतों की मोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उमा सिंह जी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में हमारे समाज की समृद्ध लोकगीत परंपरा धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को उनकी जड़ों से जोड़ना और इन लुप्त होती परंपराओं को पुनर्जीवित करना है।
प्रमुख उपस्थिति:
कार्यक्रम की रूपरेखा मुख्य संयोजक श्रीमान कृष्णनाथ पांडे जी द्वारा तैयार की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राथमिक विभाग की प्रभारी श्रीमती प्रतीक्षा सिंह जी ने की साथ ही साथ उनके द्वारा गाए लोकगीत “जैसे देव देवला बबुआ एको बच्चियों दे दो ना” ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया तथा भाव विभोर कर दिया।
आभार प्रदर्शन:
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती उमा सिंह जी ने मुख्य अतिथि, मुख्य वक्ता, कार्यक्रम संयोजक और विद्यालय के समस्त आचार्य व आचार्या वृंद का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आभार व्यक्त किया।


