
*ग्राम रथ अभियान में ग्रामीणों को मिल रही कृषि, उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 28 अप्रैल। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मंशानुरूप कृषकों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के गांवों में एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध राजस्थान सरकार द्वारा संचालित यह अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृद्ध करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। वहीं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त किसान-समृद्ध भारत की मंशा को भी साकार करने में प्रभावी भूमिका निभा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों को सशक्त बनाना है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने बताया कि एलईडी मोबाइल वैन द्वारा मंगलवार को सवाई माधोपुर विधानसभा की ग्राम पंचायत खटुपुरा एवं लोदीपुरा, खण्डार की टोडरा एवं फलौदी, गंगापुर सिटी की चूली एवं छावा, बामनवास विधानसभा की ग्राम पंचायत डूंगर पट्टी में जाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया किया गया। इसके अलावा कला-जत्था कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन को जागरूक कर रहे हैं।
ग्राम रथ अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज, ग्रामीण विकास विभाग की सहभागिता से कृषकों एवं पशुपालकों सहित ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक रथ में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं की ऑडियो, वीडियो प्रस्तुति की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कला जत्था के लोक कलाकार आमजन को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूक कर रहे है। रथों में सुझाव पेटिका भी उपलब्ध करवाई गई है, जिसमें ग्रामीण अपनी समस्याएं एवं सुझाव डाल सकेंगे।
ग्राम रथ अभियान के तहत क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से भी आमजन को जागरूक किया जा रहा है। ग्राम रथ क्विज में आमजन को ग्रामीण विकास योजनाओं, अधिकारों एवं जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। क्यूआर कोड स्कैन कर आमजन ग्राम रथ क्विज में भाग लेकर और प्रश्नों का सही जवाब देकर डिजिटल सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं।


