
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के लिए आवेदन 31 मई तक, 1 जुलाई से शुरू होगा नया से शुरू होगा नया सत्र जिला सवाददाता अर्जुन सिंह
संतकबीरनगर।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजनान्तर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के संचालन को लेकर आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि योजना के तहत आवेदन पत्र जमा करने की अवधि 25 अप्रैल से 31 मई 2026 तक निर्धारित की गई है, जबकि प्रवेश परीक्षा जून के प्रथम सप्ताह में संभावित है।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा के परिणाम, काउंसलिंग एवं मेरिट के आधार पर छात्रों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 10 जून से 20 जून 2026 तक पूरी की जाएगी। वहीं, नए शैक्षणिक सत्र का संचालन 1 जुलाई 2026 से प्रारम्भ किया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। जेईई एवं नीट के लिए डीएबी इंटर कॉलेज मेंहदावल तथा उमा महेश्वर डिग्री कॉलेज भोगीपुर में आवेदन किए जा सकते हैं। वहीं सिविल सेवा, नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस, एसएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद में आवेदन जमा किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी ऑफलाइन आवेदन के साथ अभ्युदय पोर्टल Abhyuday.one के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद के कोर्स कोऑर्डिनेटर कमलेश सिंह (9598953600) तथा डीएबी इंटर कॉलेज मेहदावल के प्रमोद कुमार भारती (9792871813) से संपर्क कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय से आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।


