
देश का 25 प्रतिशत आयकर अग्रवाल समाज देता है-प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल।
मुगल शासन में डर की वजह से रात के समय फेरे होते थे, अब दिन में होने चाहिए- संमति हलकारा।
अजमेर में एक किलो केसर से सजे हनुमान जी आकर्षण का केंद्र रहे।
चार अप्रैल को पांच कवि अजमेर को हंसाएंगे।
================
जनता का सच
सेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
2 अप्रैल को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की अजमेर जिला शाखा का शपथ ग्रहण समारोह गंज स्थित जनकपुरी समारोह स्थल पर हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बोलते हुए एमडीएस यूनिवर्सिटी के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि देश का 25 प्रतिशत आयकर अग्रवाल समाज देता है। यह ऐसा समाज है जिसने कभी लड़ाई झगड़ में विश्वास नहीं किया। अपने उद्यमशील सोच से कारोबार किया। अग्रवाल समाज के जनक महाराज अग्रसेन जी की समावाद की सोच आज भी प्रासंगिक है। देश में अग्रवाल समाज की जितनी भी धर्मशालाएं और अन्य सामाजिक और धार्मिक स्थल है, उनमें कोई भेदभाव नहीं होता। सभी समाज के लोगों को ठहरने की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि महाराज अग्रसेनजी के जीवनी को स्कूल, कॉलेज की पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया जाना चाहिए। चूंकि वे संवैधानिक पद पर है, इसलिए उनकी अपनी सीमाएं है, लेकिन यदि महाराजा अग्रसेन के जीवन और विचारों को पाठ्यक्रम में शामिल करवाने के लिए कोई ज्ञापन उन्हें प्राप्त होते हैं तो वे सरकार से उचित स्तर पर पहुंचाएंगे। अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों को प्रयास करना चाहिए कि महाराज अग्रसेन को पाठ्य पुस्तक में शामिल कियाजाए। समारोह में प्रो. अग्रवाल ने जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ भी दिलवाई।
दिन में फेरे:
समारोह में अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश महामंत्री संमति हलकारा ने कहा कि देश में अग्रवालों की संख्या करीब दस करोड़ है और 22 लाख संस्थाएं बनी हुई है, लेकिन अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन समाज की प्रतिनिधि संस्था है। उन्होंने अग्रवाल समाज के विवाह के फेरे दिन में करवाने पर जोर दिया। हलकारा ने कहा कि मुगलों के शासन में डर की वजह से रात के समय चुपचाप फेरे करवाए जाते थे। अब ऐसा कोई डर नहीं है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज में दिन में फेरे करवाने के प्रयास उनकी संस्था कर रही है। संस्था से जुड़े पदाधिकारियों से भी कहा गया है कि वे अपने बच्चों के फेरे दिन में ही करवाए। समारोह में प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक पंसारी और नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष विष्णु चौधरी ने भी विचार रखे। महामंत्री अनिल बाड़मेरी और कोषाध्यक्ष राजकुमार गर्ग, मंत्री गिरधारी मंगल, राजेंद्र मित्तल, आदि ने भरोसा दिलाया कि संस्था के माध्यम से अजमेर के अग्रवाल समाज को एकजुट किया जाएगा।
केसर से हनुमानजी का शृंगार:
2 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर अजमेर में सभी हनुमान मंदिरों में आयोजन हुए, लेकिन मुख्य आकर्षण का केंद्र कोटड़ा स्थित मेहंदीपुर बालाजी का मंदिर रहा। यहां हनुमानजी की प्रतिमा को एक किलो केसर से सजाया गया। केसर के हनुमानजी को देखने के लिए मंदिर में दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। निजी सुरक्षाकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से भीड़ को नियंत्रित किया। मंदिर के महंत विष्णुदास जोशी ने स्वयं सभी श्रद्धालुओं के तिलक लगाया। युवराज मनोज जोशी और मंदिर से जुड़े समाजसेवी अमित जैन ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की। इसमें करीब दस हजार श्रद्धालुओं ने अपनी भागीदारी निभाई। मंदिर की धार्मिक गतिविधियों की जानकारी मोबाइल नंबर 8875757543 पर मनोज जोशी से ली जा सकती है।
पांच कवि हंसाएंगे:
चार अप्रैल को अजमेर के जेएलएन मेडिकल कॉलेज के सभागार में सायं सात बजे से हास्य कवि सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन के सूत्रधार और देश के जाने माने कवि रास बिहारी गौड ने बताया कि सम्मेलन में जयपुर के संजय झाला, उदयपुर के राव आजत शत्रु, दिल्ली के ओम प्रकाश कल्याण तथा ऋषभदेव के कानू पंडित अपनी कविताओं को सुनाएंगे। अजमेर की सांस्कृतिक संस्था आनन्दम की ओर से हास्य कवि सम्मेलन का प्रतिवर्ष आयोजन किया जाता है। इस संस्था से श्रीमती अनिता बाल्दी, श्रीमती प्रीति तोषनीवाल, डॉ. रजनी भार्गव, श्रीमती रेखा गोयल, सीताराम गोयल, प्रशांत अग्रवाल, संजय अरोड़ा आदि जुड़े हुए है। इस हास्य कवि सम्मेलन के बारे में और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9680073007 पर रास बिहारी गौड और 9828039700 पर सोमरत्न आर्य से ली जा सकती है।


