
जनभागीदारी से बदलाव: सवाई माधोपुर में “भविष्य की उड़ान”
भामाशाहों के सहयोग से जिले के विद्यालयों की तस्वीर संवरेगी,
जनता का सच
स्टेट चीफ राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुरजिले के 23 राजकीय विद्यालयों में 1,03,37,250 रुपये की राशि से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इन कार्यों में मुख्य रूप से कक्षा-कक्ष निर्माण, मरम्मत, फर्नीचर, कंप्यूटर सेट, डिजिटल उपकरण उपलब्ध करवाने के साथ ही विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना शामिल है।
सवाई माधोपुर के जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा ने विद्यालयों में सुविधाओं के विकास के लिए नए वित्त वर्ष की शुरुआत में ही वित्तीय स्वीकृति के जारी कर दी है। जारी आदेश के अनुसार, जिले के 23 विद्यालयों के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि में जिले के ‘ भविष्य की उड़ान’ नवाचार के जरिए भामाशाहों से प्राप्त राशि और मुख्यमंत्री जनसहभागिता योजना में प्राप्त अनुदान शामिल हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना एवं ‘भविष्य की उड़ान’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से सवाई माधोपुर जिले में सरकारी विद्यालयों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। सरकार और समाज की साझेदारी से शिक्षा के क्षेत्र में एक सशक्त मॉडल विकसित हुआ है, जिसने विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है।
शिक्षा अधिकारी के अनुसार, जब आम समाज और राज्य सरकार मिलकर कदम बढ़ाएंगे, तो राजकीय विद्यालय भी उत्कृष्टता के केंद्र बन सकेंगे और हर बच्चे को बेहतर भविष्य की उड़ान मिल सकेगी। जिला परियोजना समग्र शिक्षा द्वारा वर्तमान में जारी स्वीकृति से जिले के विद्यालयों में भवन निर्माण, आधुनिक शिक्षण सामग्री, पेयजल एवं खेल सुविधाओं के विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस स्वीकृति में भामाशाहों का महत्वपूर्ण योगदान भी शामिल है।
*इन विद्यालयों में होंगे विकास कार्य*
योजना के अंतर्गत जिले के विभिन्न ब्लॉकों के विद्यालयों में निम्न कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें बामनवास ब्लॉक में चॉंन्दनहोली, सून्दरी, माणोली, सॉंचौली और टिंगरिया; चौथ का बरवाड़ा ब्लॉक में शिवाड़, गंगापुर सिटी में स्वामी विवेकानंद स्कूल, अरनिया और हिंगोटिया; बौली ब्लॉक में हथडोली, मलारना डूंगर ब्लॉक में टोण्ड, तारनपुर, मलारना चौड़, मेदपुरा, अनियाला, बड़ा गांव भड़कौली और श्रीपुरा; सवाई माधोपुर ब्लॉक में पाडली, खण्डार ब्लॉक में खण्डार और बुहाना के राजकीय विद्यालयों में इन कार्यों के तहत कक्षा-कक्ष निर्माण, मरम्मत, फर्नीचर, खेल सामग्री, कंप्यूटर सेट, डिजिटल उपकरण एवं सीसीटीवी कैमरा सहित आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। कुछ विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान संसाधन, प्रोजेक्टर, जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे शिक्षा का वातावरण अधिक आधुनिक और प्रभावी बन सकेगा।
*भविष्य की उड़ान केवल योजना नहीं जन आंदोलन: कलक्टर*
जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि ‘भविष्य की उड़ान’ केवल एक योजना नहीं, बल्कि जन आंदोलन है। जब समाज और प्रशासन मिलकर शिक्षा के लिए आगे आते हैं, तो परिणाम स्थायी और व्यापक होते हैं। हमारा लक्ष्य है कि इस योजना के तहत प्राप्त धनराशि से जिले के हर बच्चे की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधनों तक समान रूप से पहुंच हो सके।


