
रिपोर्टर अमृत कुमार पाण्डेय जनता का सच। संतकबीरनगर में खाद की कालाबाजारी चरम पर, अधिकारी मौन
संतकबीरनगर जनपद में इन दिनों डीएपी और एनपी खाद की भारी कालाबाजारी सामने आ रही है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। स्थानीय किसानों के मुताबिक जिले में खाद की आधिकारिक आपूर्ति कम है, लेकिन बस्ती जिले की ओर सप्लाई तेजी से भेजी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार बड़े खाद व्यापारियों द्वारा मोटी रकम लेकर छोटे व्यापारियों के माध्यम से अन्य जिलों में खाद को खपाया जा रहा है। इसके कारण संतकबीरनगर के स्थानीय किसान खाद के लिए परेशान घूम रहे हैं। कई किसानों को घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे रबी सीजन की बुआई प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए और जिले के वास्तविक किसानों को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त मात्रा में डीएपी व एनपी उपलब्ध कराई जाए। हालांकि मामले में अब तक संबंधित विभाग द्वारा कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया गया है, जिससे किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।


