
*ग्राम कोटा मुकुन्दपुर में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया ग्राम चौपाल का आयोजन*
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, दी त्वरित समाधान का आश्वासन
महराजगंज। जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं जन-जन से संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सोमेन्द्र मीना द्वारा शनिवार को थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोटा मुकुन्दपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।
ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और कानून-व्यवस्था, सड़क, बिजली, पेयजल जैसी विभिन्न जनसमस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सोमेन्द्र मीना ने कहा कि “पुलिस का उद्देश्य समाज में शांति, सुरक्षा एवं विश्वास बनाए रखना है।” उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया और कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या या शिकायत के लिए वे निःसंकोच प्रशासन से संपर्क करें।
चौपाल में थानाध्यक्ष, हल्का प्रभारी, बीट प्रभारी, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने ग्रामवासियों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया।
*जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


