Advertisement

*शस्त्र पूजन के साथ शुरू हुआ नया प्रशिक्षण चरण, एसपी ने दी सेवा और समर्पण की सीख*


*शस्त्र पूजन के साथ शुरू हुआ नया प्रशिक्षण चरण, एसपी ने दी सेवा और समर्पण की सीख*

— 398 आरक्षियों के प्रशिक्षण के बीच दिया अनुशासन व सेवा भावना का संदेश

महराजगंज।
जनपद पुलिस लाइन स्थित रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर (RTC) में नए प्रशिक्षण चरण की शुरुआत शस्त्र पूजन के साथ हुई। वर्तमान में केंद्र में कुल 398 आरक्षी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनका प्रशिक्षण सत्र 21 जुलाई 2025 से आरंभ हुआ था। यह प्रशिक्षण नौ माह की अवधि का है, जिसमें आरक्षियों को शारीरिक दक्षता, पुलिस कार्यप्रणाली, ड्रिल, शस्त्र संचालन तथा कानून व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों का सैद्धांतिक व व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण की देखरेख प्रतिसार निरीक्षक रूपेश कुमार, आरटीसी प्रभारी उ0नि0 ओमजीत पटेल, उ0नि0 रमानन्द यादव एवं आरटीसी मेजर महेश गुप्ता द्वारा की जा रही है। प्रशिक्षकगण आरक्षियों को अनुशासन, समयपालन और आत्मविश्वास से कार्य करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वर्तमान में प्रशिक्षुओं को फुट ड्रिल का अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे उनमें टीम भावना और सामंजस्य का विकास हो रहा है।

बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना (IPS) प्रशिक्षण केंद्र पहुँचे और प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि “पुलिस बल का आधार अनुशासन और समर्पण है।”
एसपी ने आरक्षियों को अपने आचरण, वक्तव्य और कार्यशैली में शालीनता एवं निष्ठा बनाए रखने की सीख दी।

इस अवसर पर एसपी सोमेंद्र मीना ने शस्त्र अभ्यास आरंभ होने से पूर्व शस्त्र पूजन किया। उन्होंने कहा कि “शस्त्र पुलिस के लिए केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा का प्रतीक है। इसके प्रयोग में संयम, सटीकता और प्रशिक्षण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।”

प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि यह नौ माह का प्रशिक्षण काल उनके जीवन की नींव की तरह है।
उन्होंने कहा, “आप जितनी लगन और निष्ठा से इस अवधि में सीखेंगे, उतनी ही दृढ़ता से भविष्य में जनसेवा कर पाएंगे।”

इस दौरान आरटीसी स्टाफ, प्रशिक्षकगण तथा प्रशिक्षणार्थी आरक्षी उपस्थित रहे

*जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News