
जनपद महाराजगंज के आदर्श नगर पंचायत आनंद नगर में छठ महापर्व का भव्य आयोजन
जनपद महाराजगंज के आदर्श नगर पंचायत आनंद नगर में छठ महापर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पूरे नगर में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। चारों ओर घाटों पर दीपों की जगमगाहट से वातावरण अत्यंत मनमोहक दिखाई दे रहा था। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में छठी मइया की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश जायसवाल की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई की बेहतरीन व्यवस्था की थी। तमाम महिला पुलिस कर्मी और स्वयंसेवक सुरक्षा में तैनात रहे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
चारों तरफ रोशनी, संगीत और श्रद्धा का संगम यह संदेश दे रहा था कि छठ पर्व केवल आस्था का नहीं, बल्कि सौहार्द, प्रेम और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। आनंद नगर की गलियाँ और घाट इस अवसर पर ऐसे सजाए गए थे मानो पूरा नगर आस्था और एकता के रंग में रंग गया हो।
मोहम्मद जावेद उर्फ टुन्ने संवादाता फरेंदा महराजगंज


