ग्राम बर्दिया में दो दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर संपन्न

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत खाता कॉरिडोर से सटे ग्राम बर्दिया में 2 एवं 3 सितंबर को पशुपालन विभाग द्वारा दो दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में वन विभाग एवं डब्ल्यू डब्ल्यू एफ‑इंडिया ने भी सहयोग प्रदान किया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण पशुपालकों के पालतू पशुओं का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण, टीकाकरण एवं कृमिनाशन करना था। इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन बिहारी वर्मा एवं उनकी पैरा वेट्स टीम (ललित सिंह, रामनिवास, गुलशन, महेंद्र कुमार) ने ग्रामीणों की गाय, भैंस, बकरी, भेड़, मुर्गी, बत्तख आदि पालतू पशुओं का इलाज किया।
डॉ. वर्मा ने ग्रामीणों को पशुओं में पाई जाने वाली विभिन्न बीमारियों एवं पशु‑जनित रोगों से मनुष्यों तक संक्रमण रोकने की जानकारी भी दी। साथ ही पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य हेतु चारे के सही चयन और रहने हेतु साफ‑सुथरे शेड की महत्ता बताई ताकि पशुओं को संक्रामक रोगों से बचाया जा सके।
डब्ल्यू डब्ल्यू एफ‑इंडिया के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी श्री दबीर हसन ने ग्रामीणों को बताया कि संरक्षित वन क्षेत्र के निकट रहने वाले पशुपालकों को अपने पशुओं का टीकाकरण कराना अत्यंत आवश्यक है। इससे पालतू पशुओं और वन्य जीवों के बीच किसी भी प्रकार के संक्रामक रोगों का आदान‑प्रदान नहीं हो पाता है। उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से One Health विषय पर भी कार्य किया जा रहा है, जिसमें मानव‑पशु एवं वन्यजीवों के स्वास्थ्य को एक साथ जोड़कर देखा जाता है।
शिविर में लगभग 275 पशुपालकों को निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं।
वन विभाग से वन दरोगा श्री राधेश्याम, श्री सुरेंद्र गौतम, वनरक्षक श्री अब्दुल सलाम ने सक्रिय सहयोग किया।
स्थानीय स्तर पर इको विकास समिति बर्दिया अध्यक्ष अकबर अली, ग्राम प्रधान श्यामलाल, ग्रामवासी गोपाल, जगदीश भार्गव, बाघमित्र हरि भगवान यादव, फील्ड सहायक मंसूर अली एवं सीआरपी चिंकी सहित अनेक ग्रामवासियों ने शिविर को सफल बनाने में योगदान दिया।


