Advertisement

एनडीआरएफ की मोटर बोट सेे कटान प्रभावित ग्राम जानकीनगर पहुंचे जिलाधिकारी 

एनडीआरएफ की मोटर बोट सेे कटान प्रभावित ग्राम जानकीनगर पहुंचे जिलाधिकारी

ज़िला ब्यूरो चीफ रामेश्वर सिंह भदौरिया

 

बहराइच 06 अगस्त। लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत नदियों के जल स्तर में हो रही वढ़ोत्तरी के मद्देनज़र निचले क्षेत्रों में जल भराव जैसी स्थिति का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र के साथ तहसील महसी क्षेत्र का भ्रमण किया। क्षेत्र के भ्रमण के दौरान डीएम ने पूरे प्रसाद से एन.डी.आर.एफ. की मोटर बोट में जल भराव व कटान से प्रभावित क्षेत्रों जानकीनगर, जोधेपुरवा, कोढ़वा, टंच व अन्य ग्रामों व मजरों का भ्रमण कर स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर डीएम ने तहसील प्रशासन महसी को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते हुए स्थिति पर सतर्क दृष्टि बनाये रखें। डीएम ने निर्देश दिया कि जलभराव के कारण ग्रामवासियों को किसी प्रकार की समस्या न होने पाये। प्रभावित व्यक्तियों को शासन की मंशानुरूप तत्काल राहत पहुंचायी जाय। शरणालय में शिफ्ट किये गये लोगों के लिए भोजन पानी, प्रकाश इत्यादि की समुचित व्यवस्था की जाय।

जिलाधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत पूरे प्रसाद सिंह के मजरे जानकीनगर का मोटर बोट से भ्रमण किया गया है। बढ़ रहे जल स्तर को देखते हुए जानकीनगर के ग्रामवासी दूसरे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट होने के लिए तैयार हो गये हैं। ग्रामवासियों को प्रभावित ग्राम से शिफ्ट करने के लिए 04 बोट लगायी गयी है। प्रभावित लोगों के लिए पूरे सीतापुर में स्थापित शरणालय लाया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, उप जिलाधिकारी महसी राम दयाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी डी.के. श्रीवास्तव, अधि.अभि. सरयू ड्रेनेज खण्ड जे.पी. वर्मा, तहसीलदार विकास कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Janta Ka Sach News