
**बहराइच के स्कूलों में आगा खान फाउंडेशन द्वारा रचनात्मक ढंग से मनाया गया “पोषण उत्सव”**
**बहराइच, जुलाई 2025** — पोषण प्रेरणा परियोजना के अंतर्गत आगा खान फाउंडेशन एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से बहराइच जनपद के विभिन्न विद्यालयों में “पोषण उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
आज शिवपुर विकासखंड के संविलियन विद्यालय जूड़ा एवं प्राथमिक विद्यालय पुजारीपुरवा में आयोजित कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहे सीतापुर के प्रसिद्ध जादूगर **सलमान**, जिन्होंने बच्चों को जादू के माध्यम से पोषण संबंधी महत्वपूर्ण संदेश बेहद रचनात्मक और मनोरंजक अंदाज़ में दिए।
जादू की प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने बच्चों को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन के स्रोतों, हरी सब्जियों और मौसमी फलों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने “**साप्ताहिक आयरन एवं फोलिक एसिड अनुपूरक कार्यक्रम (WIFS)**” की जानकारी दी और सप्ताह में एक बार ली जाने वाली गुलाबी और नीली गोली के फायदों को सरल रूप में समझाया।
सलमान ने जादू के जरिए बच्चों को यह भी बताया कि खून की कमी (एनीमिया) कैसे होती है और उससे बचाव के लिए क्या खाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को साफ-सफाई की आदतें अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। उनकी संवाद शैली और जादू का तरीका बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी बहुत पसंद आया।
कार्यक्रम के अन्त में संविलियन विद्यालय जूड़ा के प्रधानाध्यापक मोहम्मद हनीफ जी ने आगा खान फाडण्डेशन संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज के इस कार्यक्रम से बच्चो को बहुत कुछ सीखने को मिला है यह कार्यक्रम मनोरंजन के साथ साथ बहुत ही ज्ञानवर्द्धक एवं रोचक रहा बच्चों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल बच्चों को जानकारी देना था, बल्कि एक ऐसा मंच प्रदान करना था जहाँ **शिक्षा मनोरंजन के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को मज़ेदार बनाया जा सके।**
इस आयोजन में छात्रों के साथ अभिभावक, शिक्षकगण तथा आगा खान फाउंडेशन की टीम ने सहभागिता की। फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के अंत में संतुलित आहार और बच्चों के समग्र पोषण पर भी संक्षिप्त चर्चा की।


