Advertisement

लोहिया अस्पताल मे प्रसूता को चढ़ने को रखा एक्सपायरी फ्लूड पति ने पकड़ा


लोहिया अस्पताल मे प्रसूता को चढ़ने को रखा एक्सपायरी फ्लूड पति ने पकड़ा

कमल कांत दुबे। जिला संवाददाता। फर्रुखाबाद

फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया महिला अस्पताल में प्रसूता के इलाज में लापरवाही उजागर हुई है। प्रसूता का पति यदि दवाओं को चेक न करता, तो जान जोखिम में पड़ सकती थी। प्रसूता को चढ़ने आए फ्लूड में एक बोतल एक्सपायरी डेट की निकली। शिकायत पर महिला कर्मचारी फ्लूड की बोतल छिपाती दिखी। हालांकि पीड़ित ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
शहर के मऊदरवाजा थाने के एक मोहल्ला निवासी महिला को 28 मई की शाम छह बजे महिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। 29 मई की दोपहर में उसने ऑपरेशन से एक पुत्र को जन्म दिया। डॉक्टर के लिखने के बाद स्टाॅफ ने उसके मेडिशन-ट्रे में रात में चढ़ने वाले फ्लूड की बोतलें और इंजेक्शन रख दिए। रात 10 बजे के करीब प्रसूता की बीगो निकल गई। इसकी कर्मचारी से शिकायत की, तो करीब आधा घंटे तक कोई नहीं आया।
रात करीब 10 बजे प्रसूता को मेट्रोनिडाजोल फ्लूड की बोतल चढ़ाई जानी थी। जब बोतल को उसके पति ने चेक किया, तो वह अप्रैल 2025 में एक्सपायर हो चुकी थी। इस पर पति ने बोतल का वीडियो बना लिया। यही नहीं पति अपने एक परिजन के साथ जब इमरजेंसी में तैनात महिला कर्मचारी को बताने गया, तो उन्होंने हड़काना शुरू कर दिया। जब साथी परिजन ने पूरे मामले का वीडियो बना लेने की बात कही, तो वह शांत होकर बोतल छिपाकर रखने लगीं। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
महिला अस्पताल के जिम्मेदारों की लापरवाही से प्रसूता की जान जोखिम में पड़ सकती थी। हालांकि महिला अस्पताल के जिम्मेदारों की लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
दवा स्टोर में एक्सपायरी दवाएं होने की आशंका
महिला अस्पताल में प्रसूता के पास एक्सपायरी फ्लूड पहुंचने से साफ है कि अस्पताल के दवा स्टोर में दवाओं की गंभीरता से जांच नहीं की जाती है। यदि गंभीरता से जांच की जाती, तो यह दवा सब स्टोर होकर प्रसूता के ट्रे तक नहीं पहुंचती। जिम्मेदार इसको लेकर गंभीर नहीं है।
प्रसूता को फ्लूड चढ़ने की बात गलत है। अस्पताल के स्टाफ ने जब चेक की, तो तारीख पकड़ में आ गई। वह फ्लूड वहीं रखकर जब सिस्टर को बुलाने चली गईं, तभी तीमारदार ने उसका वीडियो बना लिया था। फिर भी मरीज के पास तक एक्सपायरी फ्लूड पहुंचना गलत है। उन्होंने जांच के आदेश दे दिए हैं। जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। -प्रमोद कुमार, सीएमएस, महिला अस्पताल

Janta Ka Sach News