Advertisement

अमौली के लिए एंटी करप्शन एसडीसी की सौगात, बनेगा वृद्ध आश्रम


अमौली के लिए एंटी करप्शन एसडीसी की सौगात, बनेगा वृद्ध आश्रम

फतेहपुर: एंटी करप्शन एंड सोशल डेवलपमेंट काउंसिल (भ्रष्टाचार निवारण एवं सामाजिक विकास परिषद) ने बुजुर्गों की सेवा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। लखनऊ के चिनहट स्थित कार्यालय में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि संस्था अमौली में एक अत्याधुनिक वृद्ध आश्रम की स्थापना करेगी।
इस बैठक की अध्यक्षता संस्था के महानिदेशक अमनदीप सचान ने की। उन्होंने बताया कि यह आश्रम गरीब, असहाय और बेसहारा बुजुर्गों के लिए समर्पित होगा। इस पहल का उद्देश्य न केवल जनपद, बल्कि देश भर के जरूरतमंद बुजुर्गों को सहारा देना है।
महानिदेशक अमनदीप सचान ने बताया कि यह प्रयास संस्था के संस्थापक स्वर्गीय कुड़ाहादीन सचान की विचारधारा से प्रेरित है। कुड़ाहादीन सचान, जो रुस्तमपुर प्राथमिक विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य थे, हमेशा क्षेत्र के वृद्धजनों के लिए एक समर्पित आश्रम खोलने की इच्छा रखते थे। उनकी इस इच्छा को साकार करने के लिए यह पहल की जा रही है।
सचान ने यह भी घोषणा की कि यदि अमौली में आश्रम के लिए जमीन उपलब्ध नहीं होती, तो वह अपने गांव सरहन खुर्द में अपनी पुश्तैनी पांच बीघा जमीन इस आश्रम के लिए दान करेंगे।
यह आश्रम विशेष रूप से उन बुजुर्गों के लिए समर्पित होगा जो सड़कों पर भीख मांगने या खाना मांगकर अपनी जिंदगी गुजारते हैं। संस्था के पदाधिकारी आसपास के जनपदों में इसका प्रचार-प्रसार करेंगे ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बुजुर्ग इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि उपयुक्त भूमि का चयन करके जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। महानिदेशक ने सभी से इस समाजसेवी प्रयास में सहयोग करने की अपील की।
इस बैठक में संस्था के राष्ट्रीय महासचिव सुयश सचान, उप महानिदेशक सुरजीत सिंह यादव और बेअंत सिंह, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी शोभित पटेल, राष्ट्रीय सचिव अक्षय दीप सचान और अर्पित सचान, राघवेंद्र, विवेक यादव, योगेंद्र पाल, हर्षित राय, और समीर सहित ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन के महानिदेशक आजाद बाबू और राष्ट्रीय महासचिव राजू राजशेखर उपस्थित रहे।
संस्था का यह कदम समाज सेवा और बुजुर्गों की सहायता के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा। यह पहल न केवल क्षेत्रीय बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर बुजुर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

Janta Ka Sach News